देश की खबरें | आईएएस अधिकारी अनुराग वर्मा ने पंजाब के मुख्य सचिव का पदभार संभाला

चंडीगढ़, एक जुलाई भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी अनुराग वर्मा ने शनिवार को यहां पंजाब के मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कुशल, उत्तरदायी और पारदर्शी प्रशासन मुहैया कराना होगा।

वर्मा पंजाब के 42वें मुख्य सचिव हैं।

वर्मा, 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और उन्होंने विजय कुमार जंजुआ की जगह ली है। जंजुआ 30 जून को सेवानिवृत हुए थे।

पंजाब सिविल सचिवालय में वर्मा के पदभार ग्रहण करने के दौरान जंजुआ के अलावा मलविंदर सिंह जग्गी, कुमार राहुल और सोनाली गिरि सहित अन्य आईएएस अधिकारी मौजूद थे।

वर्मा इससे पहले गृह मंत्रालय एवं न्याय में अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ-साथ अन्य अतिरिक्त प्रभार भी संभाल चुके हैं।

पंजाब के पटियाला से ताल्लुक रखने वाले आईएएस अधिकारी बठिंडा, लुधियाना और जालंधर जिलों के उपायुक्त रह चुके हैं।

वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के मार्गदर्शन में स्वच्छ, कुशल, उत्तरदायी और पारदर्शी प्रशासन मुहैया कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में विशेष ध्यान देते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान दिया जाएगा।

केंद्र द्वारा लंबित निधि को जारी किए जाने के एक सवाल का जवाब देते हुए वर्मा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वह केंद्र को भरोसा दिलाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें राज्य के विकास के लिए धन जारी किये जाने की पूरी उम्मीद है।

पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर ग्रामीण विकास निधि के लगभग 3,500 करोड़ रुपये जारी नहीं करने का आरोप लगाती रही है।

नवनियुक्त मुख्य सचिव ने कहा कि वह समाज के हर तबके के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)