देश की खबरें | विधायकों की नाराजगी दूर करने का प्रयास करूंगा : गहलोत
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

जयपुर, 11 अगस्त राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मंगलवार को कहा कि अगर कोई विधायक उनसे नाराज है तो वह उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास करेंगे और यह मुख्यमंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी भी है।

इसके साथ ही गहलोत ने कहा कि उनकी सरकार गिराने के भाजपा के मंसूबों पर पानी फिर गया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के पास बहुमत है और रहेगा।

यह भी पढ़े | Ashok Gehlot on Rebel Congress MLA: बागी विधायकों का दिल जीतने की कोशिश करूंगा : अशोक गहलोत.

विधायकों की नाराजगी के सवाल पर गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘जो आदमी सत्ता में होता है, विधानसभा में भी जो सत्ता पक्ष होता है, उसकी ज्यादा जिम्मेदारी होती है विपक्ष को साथ लेकर चलने की। उसी प्रकार आज अगर मैं मुख्यमंत्री हूं और मुझसे मेरी पार्टी का कोई विधायक नाराज है तो जिम्मेदारी मेरी बड़ी बनती है कि मैं कैसे उनको वापस संतुष्ट करूं, उनका दिल जीतूं, ये मेरी जिम्मेदारी है।’’

गहलोत ने कहा कि वह ये जिम्मेदारी पहले भी निभाते आए हैं और अब भी निभाएंगे, इसमें कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ विधायकों को उनसे जो नाराजगी है, उसे हम दूर करने का प्रयास करेंगे।

यह भी पढ़े | Pranab Mukherjee Health Update: पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की ब्रेन सर्जरी के बाद हालत गंभीर, वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया.

गहलोत ने कहा कि राज्य की जनता, विधायकों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के ‘घमंड’ को आइना दिखा दिया है और कांग्रेस सरकार गिराने के उसके मंसूबों पर पानी फिर गया है।

गहलोत ने कहा कि राज्य में कांग्रेस पार्टी एक है और रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी एकजुट रहेगी, पार्टी पांच साल तक शासन करेगी, अगला चुनाव भी जीतकर आएंगे हम लोग। पब्लिक ने तय कर लिया है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ भाजपा ने जो षड्यंत्र किया है, इसका सबक सिखाने का मौका अब आम जनता के सामने आएगा, अगला चुनाव, 2023 में आएगा और पांच साल तक सरकार चलेगी। सरकार पहले भी बहुमत में थी, आज भी है, कल भी रहेगी। इनके मंसूबों पर पानी फिर गया है।’’

इस बीच तीन निर्दलीय विधायक मंगलवार सुबह यहां मुख्यमंत्री गहलोत से मिले।

निर्दलीय विधायक ओमप्रकाश हुडला, सुरेश टांक व खुशवीर सिंह ने मुख्यमंत्री निवास में गहलोत से मुलाकात की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)