एजेंसी न्यूज

मैं बिश्नोई गिरोह के निशाने पर आ जाऊं, इसीलिए हिरण के मांस को लेकर आरोप लगाए गए: भाजपा विधायक धस

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुरेश धस ने दावा किया कि उनके खिलाफ हिरण का मांस खाने के बारे में बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं, ताकि ‘‘बिश्नोई गिरोह’’ उन्हें निशाना बना सके. उन्होंने कहा कि हत्या के प्रयास के मामले में पिछले माह गिरफ्तार किए गए सतीश भोसले उर्फ ​​‘खोक्या’ के खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है.

मैं बिश्नोई गिरोह के निशाने पर आ जाऊं, इसीलिए हिरण के मांस को लेकर आरोप लगाए गए: भाजपा विधायक धस
Credit-(FB)

मुंबई, 1 अप्रैल : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुरेश धस ने दावा किया कि उनके खिलाफ हिरण का मांस खाने के बारे में बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं, ताकि ‘‘बिश्नोई गिरोह’’ उन्हें निशाना बना सके. उन्होंने कहा कि हत्या के प्रयास के मामले में पिछले माह गिरफ्तार किए गए सतीश भोसले उर्फ ​​‘खोक्या’ के खिलाफ दर्ज मामलों के संबंध में उन्हें फंसाने की साजिश रची जा रही है. महाराष्ट्र में भाजपा के बीड जिले के पदाधिकारी भोसले, जंगली जानवरों के शिकार के मामले का भी सामना कर रहे हैं. भोसले को धस का सहयोगी माना जाता है.

धस ने एक मराठी अखबार से कहा, ‘‘परली (बीड जिले में) के कुछ नेता मेरे निर्वाचन क्षेत्र में आए और दावा किया कि मुझे भोसले ने हिरण का मांस दिया था. मैंने कभी ऐसे मांस का सेवन नहीं किया.’’ उन्होंने आगे कहा कि वे एक मालकरी (भगवान विट्ठल के अनुयायी) हैं, जो मांस से परहेज करने के लिए जाने जाते हैं. विधायक ने दावा किया, ‘‘बिश्नोई समुदाय (राजस्थान का) हिरण को पूजता है. मुझे फंसाने की कोशिश की गई, ताकि मैं लॉरेंस बिश्नोई जैसे गैंगस्टर के निशाने पर आ जाऊं.’ धस ने कहा कि ‘‘बिश्नोई गिरोह’’ के सदस्यों को उन्हें ‘‘मारने’’ के इरादे से मुंबई भेजा गया था. उन्होंने कहा कि उन्हें राजस्थान के कुछ लोगों के लिए हवाई टिकट खरीदे जाने की जानकारी मिली है. यह भी पढ़ें : वक्फ संशोधन विधेयक को भारतीय कैथोलिक बिशप्स सम्मेलन का भी समर्थन, मुख्तार अब्बास नकवी बोले – बिल समय की आवश्यकता

उन्होंने कहा कि वह इस मामले को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के समक्ष उठाएंगे. धस ने बताया कि उन्होंने बीड जिले में मस्साजोग के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या का मुद्दा उठाया था, जिससे राजनीतिक भूचाल आ गया था और इस मुद्दे पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता धनंजय मुंडे तथा भाजपा नेता एवं राज्य मंत्री पंकजा मुंडे की आलोचना की थी. उन्होंने दावा किया, ‘‘अब भोसले मामले में ऐसे आरोप लगाकर, मेरे खिलाफ पलटवार करने का प्रयास किया जा रहा है.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2025 05:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).