नयी दिल्ली, 26 अगस्त प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को कहा कि उसने विदेशी मुद्रा प्रबंधन के कथित उल्लंघन की जांच के तहत हैदराबाद के एक ऑडिटर के परिसर से 12 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी और सोना जब्त किया है।
यह कार्रवाई 23 अगस्त को ब्राइटकॉम ग्रुप लिमिटेड के कार्यालय, उसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) एम. सुरेश रेड्डी और मुख्य वित्तीय अधिकारी एस एल एन राजू के आवासों और उसके ऑडिटर पी मुरली मोहन राव के आवास एवं कार्यालय पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत छापेमारी के बाद की गई है।
संघीय एजेंसी ने एक बयान में कहा कि ईडी की जांच ब्राइटकॉम समूह द्वारा विदेश में अपनी सहायक कंपनियों के माध्यम से 868.30 करोड़ रुपये की संपत्ति छुपाने के संबंध में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) की जांच से जुड़ी है।
एजेंसी ने कहा, ‘‘ऑडिटर पी. मुरली मोहन राव (पी. मुरली एंड कंपनी) के आवास से 3.30 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी और 9.30 करोड़ रुपये के सोने के आभूषण और सोना-चांदी सहित संबंधित दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।’’
उसने कहा, ‘‘एम. सुरेश रेड्डी के आवासीय परिसर को सील कर दिया गया है।’’
ईडी ने आरोप लगाया, "यह पाया गया कि सहायक कंपनियों को ऋण के रूप में दिए गए 300 करोड़ रुपये से अधिक की रकम आंशिक रूप से अन्यत्र इस्तेमाल की गई या उसका कोई हिसाब नहीं रखा गया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY