श्रीनगर, 27 फरवरी हुर्रियत कांफ्रेंस के अध्यक्ष मीरवाइज उमर फारूक के ससुर गुलाम सिब्तैन मसूदी का बुधवार रात यहां 80 वर्ष की आयु में निधन हो गया।
फारूक के कार्यालय की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक बयान में कहा गया कि मसूदी का लंबी बीमारी के बाद कल देर रात निधन हो गया।
बयान में कहा गया है, “गहरे दुख और उदासी के साथ हम मीरवाइज उमर फारूक के ससुर डॉ. गुलाम सिब्तैन मसूदी के निधन की घोषणा करते हैं।”
मसूदी की जनाजे की नमाज मूल रूप से बृहस्पतिवार दोपहर पुराने शहर की जामा मस्जिद में अदा की जानी थी, लेकिन मीरवाइज के कार्यालय ने कहा कि इसकी अनुमति नहीं दी गई।
मीरवाइज के कार्यालय ने एक अन्य बयान में कहा, "यह सूचित किया जाता है कि एक बार फिर अधिकारियों ने श्रीनगर की जामा मस्जिद के द्वार बंद कर दिए हैं और इसके आसपास की घेराबंदी कर दी है तथा सूचित किया है कि डॉ. गुलाम सिब्तैन मसूदी की नमाज-ए-जिनाजा जामा मस्जिद में अदा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।"
बयान में कहा गया है, " हम शोक और धार्मिक अनुष्ठानों के समय भी शक्ति के उपयोग के लिए प्राधिकारियों की कड़ी निंदा करते हैं।"
पेशे से चिकित्सक मसूदी 1974 में पढ़ाई के लिए कश्मीर से अमेरिका चले गए थे और 28 साल बाद वापस लौटे थे।
उन्हें पुलवामा जिले के ख्रीव में स्थित पैतृक कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY