ताजा खबरें | एचपीवी टीके को सार्वजनिक टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने पर हो रहा है मंथन: अनुप्रिया पटेल

नयी दिल्ली, सात फरवरी केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने शुक्रवार को कहा कि सरकार सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम वाले एचपीवी (ह्यूनम पोपिलोमा वायरस) टीके को सार्वजनिक टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने को लेकर मंथन कर रही है।

लोकसभा में प्रश्नकाल में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की शांभवी चौधरी के पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए अनुप्रिया पटेल ने यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि देश में 30 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं की सर्वाइकल(गर्भाशय) कैंसर की स्क्रीनिंग की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार एचपीवी टीके को सार्वजनिक टीकाकरण कार्यक्रम में शामिल करने को लेकर चिंतन-मंथन कर रही है। यह अभी प्रक्रिया में है। जैसे ही कुछ तय होगा, हम सदन को सूचित करेंगे।’’

अनुप्रिया पटेल ने यह भी कहा कि देश में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत चलाए गए अभियानों से मातृ मृत्यु अनुपात (एमएमआर) और नवजात मृत्यु दर (आईएमआर) में दुनिया की तुलना में कमी आई है।

उन्होंने कहा कि 1990 से 2020 तक एमएमआर की वैश्विक दर 42 प्रतिशत तक गिरी, वहीं भारत की दर 83 प्रतिशत कम हुई। इसी तरह दुनिया में आईएमआर में 55 प्रतिशत गिरावट आई है, लेकिन भारत में यह 69 प्रतिशत कम हुई।

पटेल ने कहा कि दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों में सरकार के चलित दल जाते हैं और गर्भवती महिलाओं का पता लगाकर उन्हें सुविधाएं प्रदान करते हैं।

स्वास्थ्य राज्य मंत्री ने कहा कि सरकारी कर्मी उच्च जोखिम वाले प्रसव के मामलों का भी पता लगाते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने कहा कि इस तरह की धारणा नहीं बननी चाहिए कि सरकार आदिवासी क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं पर ध्यान नहीं दे रही।

उन्होंने कहा कि देश में एमएमआर, आईएमआर और पांच साल से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर में कमी वैश्विक दर में गिरावट की तुलना में दोगुने से अधिक है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)