देश की खबरें | राहत शिविरों में रहने वाले परिवारों के मकान किराये का भुगतान राज्य द्वारा किया जाएगा: सुक्खू

शिमला, 11 अगस्त हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि राहत शिविरों में रहने वाले बारिश से प्रभावित लोगों को अस्थायी आवास उपलब्ध कराया जाएगा जिसका किराया राज्य सरकार वहन करेगी।

मुख्यमंत्री ने शिमला में अधिकारियों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह घोषणा की।

सुक्खू ने कहा कि प्रभावित लोगों को दो और तीन कमरे के मकान किराए पर दिये जाएंगे और इस संबंध में सभी उपायुक्तों को निर्देश जारी किए गये हैं।

अधिकारियों को शिमला में भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों और दीवारों की मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश देते हुए सुक्खू ने कहा कि शिमला नगर निगम के दायरे में क्षतिग्रस्त सड़कों के रखरखाव और मरम्मत के लिए 10 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, मानसून के दौरान भारी बारिश ने पहाड़ी राज्य में कहर बरपाया है, जिससे 24 जून को मानसून की शुरुआत से लेकर 10 सितंबर तक 164 बड़े भूस्खलन और 72 अचानक बाढ़ आई हैं।

राज्य को 8,678 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जिसमें लोक निर्माण विभाग को 2,119 करोड़ रुपये का नुकसान भी शामिल है। केंद्र के अनुसार बाढ़ से कम से कम 2,522 घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि 10,920 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। केंद्र ने कहा कि बारिश से संबंधित घटनाओं में लगभग 268 लोग मारे गए।

सोमवार को यहां जारी एक बयान में कहा गया कि राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा करते हुए सुक्खू ने अधिकारियों से ऐसे कार्यक्रमों पर काम में तेजी लाने को कहा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)