रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड), 18 जुलाई ऋषिकेश—केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर केदारनाथ के पास फाटा में भारी बारिश के कारण अचानक आयी बाढ़ में एक होटल बह गया जबकि उसमें मौजूद दो युवकों को किसी तरह बचा लिया गया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
अधिकारियों ने बताया कि युवकों को बचाने गए चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
रूद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह केदारनाथ के पास फाटा और तरसाली गांव के बीच भारी बारिश के कारण आई बाढ़ के साथ 'केदार वाटिका' नाम का होटल बह गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान आयी बाढ़ में पानी के साथ भारी मलबा भी था।
रूद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इसी दौरान भूस्खलन के कारण बंद रहने के बाद तरसाली में खुले मार्ग पर वाहनों को निकलवाने में व्यस्त कुछ दूरी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने यह हादसा देखा तो घटनास्थल की ओर भागे। उन्होंने मलबे में खोजबीन की और एक व्यक्ति को उसमें से बाहर निकाला। कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार उक्त व्यक्ति से मिली जानकारी के आधार पर उसके एक और साथी को भी मलबे में खोजने का अभियान शुरू किया गया।
रूद्रप्रयाग के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इस बीच, मलबे में फंसे उस व्यक्ति ने अपने परिजनों को हादसे की सूचना दी और अपने फंसे होने की जगह के बारे में बताया। मिली जानकारी के अनुसार इसी दौरान तेज गड़गड़ाहट के साथ एक बार फिर मलबा आ गया जिससे बचाव कार्य में लगे फाटा चौकी के चार पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार इसके बाद फिर मलबे में फंसे व्यक्ति को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया और उसे सकुशल निकाल लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार मलबे के नीचे से निकले दोनों युवकों—रूद्रप्रयाग जिले के चोपता के रहने वाले अरविंद सिंह और रूद्रप्रयाग के जखोली के रहने वाले नवीन सिंह को चोटें आयी हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
मिली जानकारी के अनुसार मलबे की चपेट में आने से घायल हुए पुलिसकर्मियों में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय शैलानी, मुख्य आरक्षी विक्रम चंद्रवाल, आरक्षी शैलेंद्र रावत और आरक्षी जय प्रकाश शामिल हैं। घायल पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल ले जाया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY