देश की खबरें | महाराष्ट्र में सीसीटीवी के जरिये अस्पतालों की निगरानी होनी चाहिए : नीलम गोरहे

ठाणे, 18 अगस्त ठाणे के एक अस्पताल में 24 घंटे में 18 मरीजों की मौत की पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र विधान परिषद की उप सभापति नीलम गोरहे ने शुक्रवार को कहा कि सरकार को राज्य के सभी अस्पतालों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करनी चाहिए।

गोरहे ने ठाणे के जिलाधिकारी, निगम आयुक्त और कलवा स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल के अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा की।

ठाणे नगर निगम द्वारा संचालित यह अस्पताल 24 घंटे में 18 मरीजों की मौतों को लेकर चर्चा में है।

गोरहे ने कहा कि जिस तरह यातायात पुलिस सीसीटीवी के जरिए वाहनों की आवाजाही पर नजर रखती है, उसी तरह राज्य भर के अस्पतालों में चल रही गतिविधियों की निगरानी सीसीटीवी की मदद से करनी चाहिए।

हाल ही में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हुईं गोरहे ने कलवा अस्पताल प्रकरण को ‘‘बेहद दुखद और चौंकाने वाला’’ बताते हुए कहा कि सरकार ने मामले की जांच के लिए एक समिति बनाई है और इसे यह भी पता लगाना चाहिए कि ‘‘कोविड के दौरान और उसके बाद गंभीर रूप से बीमार रोगियों की जान क्यों गईं।’’

गोरहे ने कहा कि वह कलवा अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी और उसे धन और श्रमबल उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा के लिए यहां आई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया है।

कलवा अस्पताल में 12 और 13 अगस्त के बीच 24 घंटों में 18 रोगियों की मौत हुई, जिसके बाद राज्य सरकार ने नौ सदस्यीय जांच समिति गठित की है। समिति को 25 अगस्त तक रिपोर्ट देने को कहा गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)