जरुरी जानकारी | मध्यप्रदेश में इस साल सबसे ज्यादा खनिज ब्लॉक की नीलामी की उम्मीद: खान सचिव

भोपाल, 25 फरवरी केंद्र ने मंगलवार को उम्मीद जताई कि मध्यप्रदेश जारी वित्त वर्ष में अधिकतम खनिज ब्लॉक की नीलामी करेगा।

राज्य के वैश्विक निवेशक सम्मेलन ‘इन्वेस्ट मध्यप्रदेश’ को संबोधित करते हुए खान सचिव वी एल कांता राव ने कहा,‘‘(खनिज ब्लॉक की नीलामी के मामले में) दो साल पहले मध्यप्रदेश नंबर एक के मुकाम पर था। पिछले साल मध्यप्रदेश नंबर दो और राजस्थान नंबर एक के पायदान पर था। इस साल मुझे लगता है कि मध्यप्रदेश शायद फिर से नंबर एक के स्थान पर पहुंच जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम गिन रहे थे कि चालू वित्त वर्ष में कौन-सा राज्य (खनिज ब्लॉकों की) सबसे अधिक नीलामी करेगा। इस मामले में मध्यप्रदेश और राजस्थान के बीच कांटे की टक्कर है।’’

खान सचिव ने कहा कि केंद्र सरकार ऐसी नीति लेकर आ रही है जिसके तहत सभी कंपनियों के लिए महत्वपूर्ण खनिजों को निकालना व्यावसायिक रूप से व्यवहार्य हो जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि रीसाइकलिंग के क्षेत्र में बहुत अवसर हैं।

कांता राव ने कहा, ‘‘हम जल्द ही एक योजना लेकर आने वाले हैं जिसमें हम वित्तीय सहायता देकर रीसाइकलिंग में आपकी मदद करेंगे।’’

उन्होंने कहा कि खान मंत्रालय देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में खनन क्षेत्र की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)