देश की खबरें | सड़क दुर्घटना में होम गार्ड जवान की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में तेज गति से आ रही एक कार ने अवरोधकों में जोरदार टक्कर मार दी और इन्हीं अवरोधकों में से एक से चोट लगने से 41 वर्षीय एक होम गार्ड जवान की मौत हो गई।
नयी दिल्ली, आठ नवंबर पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके में तेज गति से आ रही एक कार ने अवरोधकों में जोरदार टक्कर मार दी और इन्हीं अवरोधकों में से एक से चोट लगने से 41 वर्षीय एक होम गार्ड जवान की मौत हो गई।
पुलिस ने रविवार को बताया कि यह घटना शनिवार तड़के हुई। आरोपी को गिरफ्तार करके उसकी कार जब्त कर ली गई है।
पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल निरंजन, होम गार्ड जवान नरेश कुमार और नागरिक सुरक्षा कर्मी के साथ पिकेट ड्यूटी पर तैनात थे।
पुलिस उपायुक्त (पूर्वी) जसमीत सिंह ने बताया कि निरंजन ने देखा कि आईटीओ की तरफ से तड़के ढाई बजे के करीब तेज गति से आ रही एक कार अवरोधकों से टकराई। इनमें से एक अवरोधक (बैरिकेड) से नरेश कुमार को चोट पहुंची।
उन्होंने बताया कि चालक तेजी से अपनी इनोवा गाड़ी से निर्माण विहार की तरफ निकल गया। वहीं, कुमार को निरंजन हेडगेवार अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी ने बताया कि निरंजन की शिकायत के आधार पर शकरपुर थाने में एक मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान गाजियाबाद के सूर्य नगर के रहनेवाले अजय गोयल के रूप में हुई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)