बीजापुर (छत्तीसगढ़), 17 जुलाई बारिश से प्रभावित बीजापुर जिले में होम गार्ड के जवानों के एक दल ने नदी के किनारे एक आदिवासी महिला को उसके प्रसव में मदद की।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में होम गार्ड के जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि उसी दौरान जवानों को पता चला कि एक महिला को प्रसव के लिए सुबह स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया जाना है।
उन्होंने बताया कि जवान सरिता गोंदी को नाव से नदी पार करके गंगालूर तहसील के झोरगया गांव ले जा रहे थे उसी दौरान उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो गयी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को महिला के परिजनों का कॉल आया, जिसमें उन्होंने महिला को नदी पार करके स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाने में मदद मांगी। अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण नदी में जलस्तर बहुत बढ़ गया है।
अधिकारी ने बताया कि प्रशासन ने इसकी सूचना बीजापुर में होम गार्ड कार्यालय को दी। उन्होंने बताया कि महिला के परिजन उसे नदी के पास ले आए थे, जहां बचाव दल ने उसे नाव पर सवार कराने का प्रयास किया लेकिन उसे प्रसव पीड़ा शुरू हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि महिला ने वहीं नदी किनारे बच्चे को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि प्रसव के बाद दोनों को स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY