Himachal Pradesh: बारिश ने बरपाया कहर, दो लोगों की मौत, दुकानें और वाहन बहे
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश ने कहर बरपाया. कुल्लू जिले में भूस्खलन में दो महिलाओं की मलबे में दबकर मौत हो गयी जबकि अन्य स्थानों पर अचानक आयी बाढ़ से कई दुकानें और वाहन बह गए तथा राजमार्ग अवरुद्ध हो गया.
शिमला, 11 अगस्त : हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश ने कहर बरपाया. कुल्लू जिले में भूस्खलन में दो महिलाओं की मलबे में दबकर मौत हो गयी जबकि अन्य स्थानों पर अचानक आयी बाढ़ से कई दुकानें और वाहन बह गए तथा राजमार्ग अवरुद्ध हो गया. राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के निदेशक सुदेश मोख्ता ने बताया कि आनी तहसील की शील ग्राम पंचायत के खदेल गांव में सुबह करीब नौ बजे एक मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया. इसमें चावेलु देवी (55) और कृतिका (17) की मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि जिले में एक अन्य घटना में आनी तहसील की देवती ग्राम पंचायत में सुबह करीब साढ़े सात बजे बादल फटने के बाद हुई भीषण बारिश में 10 दुकानें और तीन वाहन बह गए.
उन्होंने बताया कि देवती में एक पुराने बस अड्डे और पंचायत इमारत के भी बह जाने का खतरा है. हालात का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. अधिकारी ने बताया कि शिमला जिले में चोपाल तहसील के दियांदली नाले में मूसलाधार बारिश के दौरान तीन छोटी कारें ओर एक पिकअप वाहन बह गए. उन्होंने बताया कि मंडी जिले में सुबह भूस्खलन के बाद मंडी-कुल्लू राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध हो गया है. मंडी जिला आपात अभियान केंद्र (डीईओसी) ने कहा कि यह घटना पंडोह के समीप 7 मील में हुई, जिसके कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पूरी तरह अवरुद्ध हो गया. यातायात को कतौला की ओर मोड़ा गया है. मोख्ता ने बताया कि चंबा जिले में भरमौर तहसील के आला नाला के समीप बादल फटने की घटना में कुछ मशीनें और एक निर्माण कंपनी का गोदाम बह गया. उन्होंने बताया कि लाहौल-स्पीति जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-3 अवरुद्ध हो गया है. वहां बाढ़ जैसे हालात हैं और कुठबिहाल के समीप लगातार पत्थर गिर रहे हैं. सड़क को साफ कराने का काम चल रहा है. यह भी पढ़े : मप्र: जेल में बंद भाइयों को राखी बांधने से रोके जाने पर बहनों का चक्काजाम
उन्होंने बताया कि इसके अलावा जिले के उदयपुर उपमंडल में सिंधवाड़ी नाला में अचानक बाढ़ आने से राजमार्ग संख्या 26 अवरुद्ध हो गया है. मोख्ता ने बताया कि लाहौल उपमंडल में लोते और तोजिंग नाला में भी अचानक बाढ़ आयी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है. तोजिंग नाला में अचानक बाढ़ आने से एक कार बह गयी. वहां किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गयी है. इस बीच, स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि सुदंरनगर में पिछले 24 घंटे में 141.8 मिलीमीटर बारिश हुई. इसके बाद हमीरपुर में 120 मिमी, सरकाघाट में 112.3 मिमी, पांवटा साहिब में 97.6 मिमी, चोपाल में 74 मिमी और मंडी में 69.8 मिमी बारिश हुई.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 11, 2022 02:57 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

