देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश : मुख्यमंत्री सुक्खू ने राज्य परिवहन निगम की 20 ई-बस को हरी झंडी दिखाई

शिमला, 19 जून हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को चौरा मैदान से हिमाचल पथ परिवहन निगम की 20 नयी ई-बस को हरी झंडी दिखाकर शहर के लिए रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम कुल्लू में 17, मंडी में पांच, बिलासपुर में तीन, कांगड़ा में 15 इलेक्ट्रिक बस का संचालन करता है। अब 20 ई-बस के बढ़ने से शिमला के बेड़े का आकार बढ़कर 70 हो गया है।

सुक्खू ने कहा कि ई-बस की परिचालन लागत लगभग 25 रुपये प्रति किलोमीटर है - जो डीजल से चलने वाली बसों की तुलना में बहुत कम है। उन्होंने कहा कि ई-मोबिलिटी को बढ़ावा देने से कॉर्बन उत्सर्जन कम होगा और पर्यावरण संरक्षण में योगदान मिलेगा।

सुक्खू ने कहा कि निगम ने शिमला शहर और नादौन में इस्तेमाल होने वाली 75 बस के लिए निविदा जारी किया है।

हिमाचल सरकार निगम की 1,500 बस के पूरे बेड़े को चरणबद्ध तरीके से ई-वाहनों से बदलेगी और इसके लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये ई-बस पर्यटक सर्किट पर भी चलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य 31 मार्च, 2026 तक हिमाचल प्रदेश को 'हरित ऊर्जा राज्य' में बदलना है, जिसके लिए मौजूदा कांग्रेस सरकार ने अपने पहले बजट में कई प्रावधान किए हैं।

मुख्यमंत्री सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राज्य सरकार के अन्य मंत्रियों के साथ मंत्रिमंडल की बैठक में भाग लेने के लिए चौरा मैदान से सचिवालय तक एक ई-बस में यात्रा की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)