खंभालिया (गुजरात), 10 नवंबर पुलिस ने संदिग्ध रूप से पाकिस्तान से तस्करी करके समुद्र के रास्ते लाई गई 88.25 करोड़ रुपए मूल्य के नशीले पदार्थ की खेप गुजरात में देवभूमि द्वारका जिले के खंभालिया शहर से बरामद की और इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने यहां नशीले पदार्थ बरामद होने के आरोप में 44 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। इस व्यक्ति की पहचान सज्जाद घोसी के रूप में की गई है, जो महाराष्ट्र के ठाणे जिले का रहने वाला है। उसने दावा किया कि वह दो भाइयों से नशीले पदार्थों की खेप लेने के लिए खंभालिया आया था।
राजकोट क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने घोसी को मंगलवार को 17.65 किलोग्राम नशीले पदार्थों-हेरोइन और मेथामेफटामाइन- के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद बुधवार को पुलिस ने देवभूमि द्वारका जिले के सालाया शहर से दो भाइयों को गिरफ्तार किया और उनके पास से संदिग्ध रूप से नशीले पदार्थों के 47 पैकेट जब्त किए।
सिंह ने कहा, ‘‘एक खुफिया जानकारी के आधार पर हमने मंगलवार को खंभालिया के एक अतिथि गृह से सज्जाद घोसी को गिरफ्तार किया। हमने उसके बैग से 19 पैकेट बरामद किए, जिनमें 11.483 किलोग्राम हेरोइन और 6.168 किलोग्राम मेथामेफटामाइन था।’’
घोसी ने पुलिस को बताया कि उसने सलीम कारा और अली कारा से 17.65 किलोग्राम नशीला पदार्थ लिया था और वह ठाणे लौटने की योजना बना रहा था।
सिंह ने कहा, ‘‘इसके बाद हमने कारा भाइयों के घर छापा मारा और इसी प्रकार के 47 पैकेट बरामद किए। अभी यह पता लगाया जाना बाकी है कि इन पैकेट में क्या है। घोसी अतीत में हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और सलीम कारा भी अतीत में स्वापक नियंत्रण एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम, नकली मुद्रा रखने और शस्त्र कानूनों के तहत मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है।’’
उन्होंने बताया कि ठाणे के मुंब्रा इलाके का सब्जी विक्रेता घोसी तीन दिन पहले खंभालिया में नशीले पदार्थ लेने आया था।
अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है, लेकिन प्रारंभिक जांच से पता चला है कि कारा भाई जब्त किए गए नशीले पदार्थों को पाकिस्तान से तस्करी करके समुद्र मार्ग से गुजरात लाए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY