उत्तरकाशी, आठ मई उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बृहस्पतिवार सुबह गंगोत्री जा रहा निजी कंपनी का एक हेलीकॉप्टर गंगनानी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार पांच श्रद्धालुओं समेत छह व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी तथा एक अन्य श्रद्धालु गंभीर घायल हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे की जांच विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) द्वारा की जाएगी।
राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) से मिली जानकारी के अनुसार, मरने वालों में हेलीकॉप्टर के पायलट के अलावा पांच अन्य महिलाएं हैं।
दुर्घटना का शिकार हुए हेलीकॉप्टर में कुल सात व्यक्ति सवार थे ।
हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।
उत्तरकाशी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने हेलीकॉप्टर कंपनी के प्रतिनिधि के हवाले से बताया कि हेलीकॉप्टर सुबह देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से श्रद्धालुओं को लेकर खरसाली हेलीपैड पहुंचा । वहां उन्हें उतारने के बाद हेलीकॉप्टर अन्य यात्रियों को लेकर गंगोत्री जाते समय रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होकर ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के पास लगभग 200-250 मीटर की गहरी खाई में गिर गया। हादसे में सभी छह व्यक्तियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी ।
दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
गुजरात के वडोदरा निवासी 60 वर्षीय पायलट रॉबिन सिंह के अलावा मृतकों की पहचान मुंबई की पवई की रहने वाली 57 वर्षीया विजयलक्ष्मी रेड्डी सी, 56 वर्षीया रूचि अग्रवाल, 61 वर्षीया कला चंद्रकांत सोनी, उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली 79 वर्षीया राधा अग्रवाल और आंध्र प्रदेश के अनंतपुर की रहने वाली 48 वर्षीय वेदवती देवी के रूप में हुई है ।
वेदवती देवी के पति 51 वर्षीय मकतूर भास्कर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए हैं । वेदवती आंध्र प्रदेश के अनंतपुर से सांसद जी लक्ष्मीनारायण की बहन थीं।
लक्ष्मीनारायण ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘हां, मेरी बहन वेदवती उस हेलीकॉप्टर में मौजूद थीं। बहनोई भास्कर बाल-बाल बच गए लेकिन मेरी बहन की मौत हो गई है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY