नयी दिल्ली, दो मई राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह तूफान और भारी बारिश के कारण एक मकान ढह जाने से एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। खराब मौसम के कारण 200 से अधिक उड़ानों के परिचालन में भी देरी हुई।
मिंटो ब्रिज और आईटीओ समेत कई व्यस्त सड़कों पर पानी भर गया जिससे कई इलाकों में यातायात बाधित हो गया।
सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई बारिश के दौरान मात्र तीन घंटे में 77 मिमी बारिश हुई।
कई इलाकों की वीडियो में पेड़ उखड़े हुए और लोग पानी से भरी सड़कों पर फंसे हुए दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें पानी में आधे डूबे हुए वाहन मिंटो रोड से गुजरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मिंटो रोड, आर के पुरम में मेजर सोमनाथ मार्ग और खानपुर बारिश से खास तौर पर प्रभावित हुए।
मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए लोगों से अत्यधिक सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने का आग्रह किया है।
राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश के कारण नजफगढ़ इलाके में एक मकान के ढहने से एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि शहर में बारिश के साथ तेज हवाओं के कारण एक पेड़ मकान पर गिर गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में महिला के पति को मामूली चोटें आई हैं।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर नजफगढ़ के खड़खड़ी नहर गांव में मकान ढहने की सूचना मिली। हमने मौके पर कई टीम तैनात कीं और मलबे से चार लोगों को निकाला।’’
उन्होंने बताया कि उन्हें निकटवर्ती अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
मृतकों की पहचान ज्योति (26) और उसके बच्चों आर्यन (सात), ऋषभ (पांच) और प्रियांश (सात महीने) के रूप में हुई है। उसके पति अजय (30) को भी गंभीर चोटें आई हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY