MP Rain Update: मध्य प्रदेश में भारी बारिश, भोपाल में स्कूल बंद
मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही जिससे राज्य की राजधानी भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में स्कूल बंद रहे.
भोपाल, 22 अगस्त : मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को तीसरे दिन भी भारी बारिश जारी रही जिससे राज्य की राजधानी भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में स्कूल बंद रहे. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को रेड अलर्ट जारी किया है जिसमें राज्य के पश्चिमी हिस्सों में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक वर्षा के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान व्यक्त किया गया है. प्रदेश के बड़े हिस्से में नदियां, नाले और अन्य जल स्त्रोत उफान पर हैं और पानी छोड़ने के लिए कई बांधों के द्वार खोल दिए गए हैं.
विशेषकर पश्चिमी मध्य प्रदेश में कई सड़कों पर कम दृश्यता के कारण वाहनों की आवाजाही कम रही. प्रदेश के कुछ निचले इलाकों में जलजमाव की खबरें हैं. आईएमडी ने लोगों को मूसलाधार बारिश के बीच यात्रा करने से बचने की सलाह दी है.सोमवार को भोपाल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश हुई. अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण भोपाल और जबलपुर सहित कुछ जिलों में सोमवार को स्कूल बंद रहे. मौसम के पूर्वानुमान के बाद अधिकारियों को रविवार शाम को स्कूलों को बंद करने का आदेश जारी करने का फैसला किया. आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा कि 24 घंटे की अवधि में सोमवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक भोपाल में 190.5 मिमी बारिश हुई इसके बाद गुना में 174.9 मिमी, सागर में 173.9 मिमी, रायसेन में 162 मिमी और जबलपुर में 160 मिमी बारिश हुई. यह भी पढ़ें : अरुणाचल प्रदेश में कोविड-19 के दो नए मरीज मामले आए
भोपाल में तेज हवा के साथ बारिश से सड़कों के किनारे कई पेड़ उखड़ गए और कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित होने के साथ साथ यातायात भी प्रभावित हुआ. भोपाल नगर निगम के कर्मचारी रास्ते में गिरे पड़े पेड़ों और शाखाओं की सफाई करते दिखे.
आईएमडी के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी वेद प्रकाश सिंह ने ‘पीटीआई-’ को बताया, ‘‘ भोपाल और सागर के पास मध्य प्रदेश के मध्य भागों में दबाव बना हुआ है. इसलिए आज रात तक भोपाल, नर्मदापुरम, सागर और ग्वालियर संभाग में बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना है.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 22, 2022 02:22 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

