एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई, ठाणे में भारी बारिश का अंदेशा, पश्चिम गारो हिल्स में 89 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर भारत के इलाकों में मंगलवार को बारिश हुई तो मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में बाढ़ से 89,000 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं आईएमडी ने महाराष्ट्र के तटीय जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी की है और कहा है कि अलग-अलग इलाकों में भारी बरसात का अंदेशा है।

देश की खबरें | मुंबई, ठाणे में भारी बारिश का अंदेशा, पश्चिम गारो हिल्स में 89 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित

नयी दिल्ली, 14 जुलाई उत्तर भारत के इलाकों में मंगलवार को बारिश हुई तो मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में बाढ़ से 89,000 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं आईएमडी ने महाराष्ट्र के तटीय जिलों के लिए ऑरेंज चेतावनी जारी की है और कहा है कि अलग-अलग इलाकों में भारी बरसात का अंदेशा है।

दिल्ली में बारिश की राह देख रहे लोगों के हाथ मायूसी ही लग रही है। बारिश नहीं होने की वजह से मौसम उमस भरा है जिससे नगरवासियों को परेशानी हो रही है।

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र: कांग्रेस नेता संजय झा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते निलंबित किया गया: 14 जुलाई 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान अगले कुछ दिनों में 30-40 डिग्री के आसपास रहेगा। इस दौरान हल्की बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़े | राजस्थान में मचे सियासी घमासान के बीच कल सुबह 11 बजे होगी BJP की बैठक, वसुंधरा राजे भी रहेंगी मौजूद.

दिल्ली में समय से पहले मानसून पहुंचने के बावजूद बारिश कम हुई है। शहर में 46 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

आईएमडी ने मुंबई, ठाणे, पालघर और महाराष्ट्र के तटीय जिलों में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है।

आईएमडी के मुंबई केंद्र ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जो रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग के साथ-साथ पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे के लिए भी है।

कोल्हापुर, सतारा, औरंगाबाद और जालना के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, " ऑरेंज और येलो अलर्ट मंगलवार और बुधवार के लिए महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और कोंकण क्षेत्रों के लिए जारी किए गए हैं। "

अधिकारी ने बताया, " बुधवार को मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग में भारी बारिश की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के कुछ जिलों में भी मूसलाधार बारिश हो सकती है। "

वहीं पूर्वोतरी राज्य मेघालय के पश्चिम गारो हिल्स जिले में 89,000 से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।

अधिकारियों ने बताया कि ब्रह्मपुत्र की सहायक नदी जिनजीराम ऊफान पर है।

जिला उपायुक्त राम सिंह ने बताया, " स्थिति खराब है। तीन ब्लॉक- तिकरीकिल्ला, डेमडेमा और सेलसेल्ला प्रभावित हैं... हालात पर नजर रखी जा रही है। "

उपायुक्त ने बताया कि कम से कम 16,400 घरों की 89,000 से ज्यादा की आबादी बाढ़ से प्रभावित है।

राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हुई है। कुछ इलाकों में भारी बरसात भी हुई है।

विभाग ने राज्य में अगले 24 घंटे में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई है।

विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर मंगलवार को मध्यम से हल्की बारिश हुई।

उसने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई है।

आईएमडी ने बुधवार से शुक्रवार के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश या गरज के साथ छींटने पड़ने और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है।

हरियाणा और पंजाब में मंगलवार को मौसम उमस भरा रहा तथा अधिकतम तापमान सामान्य से एक से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

विभाग ने बताया कि दोनों राज्यों की साझी राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम पारा 36.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हरियाणा के अंबाला में अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सयिस रिकॉर्ड किया गया, जबकि हिसार में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

भिवानी सबसे गर्म इलाका रहा जहां अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। करनाल में अधिकतम पारा 35.4 डिग्री सेल्सियस तो नारनौल में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब के अमृतसर में अधिकतम तापमान 37.4 सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

लुधियाना में अधिकतम तापमान 36.1, पटियाला में 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2020 10:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).