देश की खबरें | अंजुमन इंतेजामिया की याचिका पर सुनवाई टली, अगली सुनवाई बुधवार को

प्रयागराज, 22 नवंबर इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने वाराणसी की अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद की पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई मंगलवार को टाल दी। अदालत बुधवार को इस पर आगे की सुनवाई करेगी।

ज्ञानवापी मस्जिद प्रबंधन समिति- अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद ने वाराणसी की अदालत के उस आदेश को चुनौती दी है जिसमें पांच हिंदू महिलाओं द्वारा दायर वाद की पोषणीयता पर उसकी आपत्ति खारिज कर दी गई थी। इन महिलाओं ने वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में श्रृंगारगौरी और अन्य देवी-देवताओं की नियमित पूजा-अर्चना की अनुमति मांगी है।

इस मामले में मंगलवार को सुनवाई शुरू हुई। हालांकि याचिकाकर्ता के वकील की दलीलें सुनने के कुछ समय बाद न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने इस मामले पर आगे की सुनवाई 23 नवंबर को करने का निर्देश दिया।

वाराणसी के जिला जज ने 12 सितंबर को अंजुमन इंतेजामिया मस्जिद की याचिका खारिज कर दी थी जिसमें पांच हिंदू महिलाओं द्वारा दायर वाद की पोषणीयता को चुनौती दी गई थी।

याचिका खारिज करते हुए वाराणसी के जिला जज ने कहा था कि इन पांच हिंदू महिलाओं का वाद पूजा स्थल अधिनियम, वक्फ कानून और यूपी श्री काशी विश्वनाथ मंदिर अधिनियम से बाधित नहीं होता।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)