देश की खबरें | हरियाणा: विधानसभा का बजट सत्र सात मार्च से होगा शुरू

चंडीगढ़, छह मार्च हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र शुक्रवार से शुरू हो रहा है जिसके हंगामेदार रहने के आसार हैं।

विपक्षी दल कांग्रेस बेरोजगारी, प्रश्नपत्र लीक, बढ़ते कर्ज, कानून-व्यवस्था और किसानों की दुर्दशा सहित कई मुद्दों पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को घेरने की कोशिश करेगी।

सत्र की शुरुआत शुक्रवार को राज्यपाल के अभिभाषण से होगी और 10, 11 व 12 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में आम चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 2025-26 के लिए बजट अनुमान 13 मार्च को प्रस्तुत करेंगे जबकि बजट पर आम चर्चा 17 और 18 मार्च को होगी।सैनी के पास वित्त विभाग भी है।

संभावित कार्यक्रम के अनुसार, बजट सत्र 25 मार्च तक जारी रहेगा। कांग्रेस नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी ‘प्रश्न पत्र लीक, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार’ सहित अन्य मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाएगी।

हुड्डा ने हाल ही में कहा, “राज्य के सामने यह पूरी तरह से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा प्रश्न पत्र लीक कराने वाले माफिया को संरक्षण दे रही है क्योंकि इस तरह के एक के बाद एक मामले सामने आ रहे हैं और इस सरकार में राज्य बोर्ड परीक्षाओं से लेकर भर्तियों तक हर परीक्षा में घोटाले हुए हैं।”

हुड्डा ने आरोप लगाया, “एक के बाद एक खनन से जुड़े कई घोटाले उजागर हो रहे हैं। राज्य में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।”

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने कहा कि पार्टी बजट सत्र के दौरान जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी।

इस बीच, शुक्रवार से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र के बावजूद कांग्रेस पार्टी ने अब तक कांग्रेस विधायक दल के नेता की घोषणा नहीं की है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)