चंडीगढ़, 13 फरवरी हरियाणा के खान एवं भूविज्ञान विभाग के राज्य में अवैध खनन की समस्या से निपटने के प्रयासों के तहत जिला स्तर के अधिकारियों ने एक विशेष अभियान चलाते हुए राज्य भर में 3,950 स्थानों का निरीक्षण किया है। बृहस्पतिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान में कहा गया कि जनवरी से 10 फरवरी तक चलाए गए व्यापक प्रयास के परिणामस्वरूप अवैध खनन में लिप्त 324 वाहन जब्त किए गए।
बयान के अनुसार, विभाग ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और अनधिकृत खनन गतिविधियों को रोकने के लिए निरीक्षण, निगरानी और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के उपयोग सहित एक मजबूत रणनीति तैयार की है।
इसमें कहा गया कि अवैध खनन कार्यों का पता लगाने के लिए ड्रोन और अन्य उन्नत उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है जबकि अवैध गतिविधियों में शामिल वाहनों को जब्त किया जा रहा है।
बयान में कहा गया है कि प्राथमिकियां दर्ज की जा रही हैं और उल्लंघन करने वालों पर भारी जुर्माना लगाया जा रहा है।
हाल ही में यमुनानगर जिले के भगवापुर गांव में अवैध खनन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग ने क्षेत्र का निरीक्षण किया।
बयान में कहा गया कि जांच में पता चला कि करीब दो एकड़ जमीन पर अवैध रूप से पत्थर, बजरी, रेत और मिट्टी का खनन किया गया था। इस संबंध में 65,37,732 रुपये का जुर्माना लगाया गया और 11 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY