जरुरी जानकारी | हरियाणा सरकार 15 मार्च से सरसों की खरीद करेगी: मुख्यमंत्री सैनी

चंडीगढ़, 19 फरवरी हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि फसल की जल्दी आवक के मद्देनजर 28 मार्च से पहले 15 मार्च से ही सरसों की खरीद शुरू की जाए।

उन्होंने यह टिप्पणी रबी विपणन सत्र 2025-26 के दौरान सरसों की खरीद के संबंध में यहां आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए की।

सैनी ने कहा कि राज्य सरकार हमेशा किसानों के हितों को प्राथमिकता देती है और उनके कल्याण के लिए काम करती है।

सैनी ने कहा, “हरियाणा पहला राज्य है जहां सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है।”

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सरसों की खरीद के लिए 108 मंडियां निर्धारित की गई हैं।

सैनी ने खरीद एजेंसियों, मंडी बोर्ड व संबंधित विभागों को सरसों की खरीद सुचारू रूप से करने के निर्देश दिए।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य में आमतौर पर 17-20 लाख एकड़ क्षेत्र में सरसों उगाई जाती है, जबकि रबी फसल सत्र 2024-25 के दौरान 21.08 लाख एकड़ क्षेत्र में सरसों उगाई गई है।

उन्होंने कहा कि ऐसे में अनुमानित उत्पादन 15.59 लाख टन होने की संभावना है। इस वर्ष भारत सरकार ने सरसों का एमएसपी 5,950 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)