देश की खबरें | सूरजमुखी के बीज के लिए किसानों को एमएसपी दे हरियाणा सरकार : कांग्रेस

कुरुक्षेत्र, आठ जून कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने बृहस्पतिवार को कहा कि हरियाणा सरकार को किसानों की मांग माननी चाहिए और उन्हें सूरजमुखी के बीज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देना चाहिए।

दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने शाहबाद के लाडवा रोड स्थित अनाज मंडी में किसानों के धरने को पूर्ण समर्थन देने के लिए घटनास्थल का दौरा किया और किसानों को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।

दीपेंद्र हुड्डा ने प्रदर्शनकारी किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों की मांग जायज है और उन्हें सूरजमुखी के बीज का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) मिलना चाहिए। उन्होंने मंगलवार को शाहबाद में प्रदर्शनकारी किसानों पर हुए लाठीचार्ज की भी निंदा की।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘किसान अपनी उपज बेचने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन हरियाणा सरकार ने जिस तरह से उनसे निपटने के लिए पुलिसिया बर्बरता का इस्तेमाल किया है, उसे देखकर पूरा देश शर्मसार है।’’

सूरजमुखी के बीजों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सरकार द्वारा खरीदे जाने की मांग कर रहे किसानों की ओर से बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग अवरुद्ध करने पर भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी सहित नौ नेताओं को गिरफ्तार किया गया है।

चढूनी के आह्वान पर किसानों ने मंगलवार को शाहबाद के पास दिल्ली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग को करीब छह घंटे तक अवरुद्ध कर दिया था। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछारें छोड़ी और लाठीचार्ज किया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे भावांतर भरपाई योजना में सूरजमुखी के बीज को शामिल करने के सरकार के कदम के खिलाफ हैं। इसके तहत सरकार एमएसपी से नीचे बेची गई उपज के लिए 1,000 रुपये प्रति क्विंटल का निश्चित मुआवजा देगी।

प्रदर्शनकारी किसानों ने दावा किया कि सरकार एमएसपी पर सूरजमुखी बीज नहीं खरीद रही है, और इसके चलते उन्हें अपनी उपज निजी खरीदारों को 6,400 रुपये एमएसपी के मुकाबले लगभग 4,000 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)