गुरुग्राम (हरियाणा), 19 जुलाई अवैध पत्थर खनन की जांच कर रहे तावड़ू के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) सुरेंद्र सिंह को नूहं में एक ट्रक ने कुचल दिया। पुलिस ने इसकी जानकरी दी ।
वहीं, घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि वह डीएसपी को कुचलने वाले ट्रक का चालक है।
जानकारी के मुताबिक सिंह ने डंपर ट्रक को दस्तावेजों की जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन की गति बढ़ा दी और उन्हें कुचलते हुए निकल गया।
इस दौरान डीएसपी के अंगरक्षक और उनके चालक ने सड़क के किनारे छलांग लगाकर जान बचाई, लेकिन इस घटना में सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि सिंह को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि सिंह अपनी टीम के साथ तावड़ू के नजदीक पंचगांव में अरावली की पहाड़ियों से हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए छापेमारी की कार्रवाई करने गए थे और अपराह्न 11 बजकर 50 मिनट पर उन्होंने ट्रक को देखा।
उन्होंने बताया कि ट्रक और उसके चालक का पता लगाने के लिए पुलिस टीम तैनात की गई थी।
अधिकारी ने बताया कि जब ट्रक चालक का पता चला तो दोनों तरफ से (पुलिस और चालक)गोलीबारी हुई और इस घटना में चालक घायल हो गया। उन्होंने बताया कि चालक को अस्पताल ले जाया गया है।
उसकी (चालक)हालत की जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी है।
अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2015 से हर साल नूहं में करीब 50 शिकायतें अवैध खनन की आती हैं। उन्होंने बताया कि अकसर इसे पुलिस और खनन माफिया की सांठगांठ से किया जाता है।
डीएसपी सिंह वर्ष 1994 में बतौर उपनिरीक्षक हरियाणा पुलिस में भर्ती हुए थे और कुछ महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनका परिवार कुरुक्षेत्र में रहता है और वह मूल रूप से हिसार जिले के सारंगपुर के रहने वाले थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY