वाशिंगटन, 23 जून अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने अमेरिका-भारत संबंधों को प्रगाढ़ बनाने में प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता की शुक्रवार को सराहना की।
हैरिस तथा अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में विदेश मंत्रालय में दोपहर भोज का आयोजन किया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन के निमंत्रण पर अभी अमेरिका की राजकीय यात्रा पर है। दोनों नेताओं के बीच बृहस्पतिवार को ऐतिहासिक शिखर वार्ता हुई थी। राष्ट्रपति बाइडन ने भी बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में रात्रिभोज का आयोजन किया था।
हैरिस ने कहा कि वह और राष्ट्रपति जो. बाइडन अमेरिका-भारत संबंधों को मजबूत करने की प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिबद्धता के लिए आभारी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जैसे-जैसे हम भविष्य की ओर देखते हैं, अमेरिका और भारत सहज रूप से एक-दूसरे की ओर बढ़ते तथा तेजी से एकजुट होते दिखते हैं।’’
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘‘आपके (प्रधानमंत्री मोदी) और राष्ट्रपति बाइडन के नेतृत्व में जिस प्रकार से हम इन प्रतिबद्धताओं को साझा कर कर रहे हैं, हमारा गठजोड़ और अधिक मूल्यवान बन रहा है।’’
उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में उन्होंने और प्रधानमंत्री मोदी ने जलवायु परिवर्तन, स्वच्छ ऊर्जा, आतंकवाद, साइबर अपराध, सार्वजनिक स्वास्थ्य और टीका उत्पादन के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाया है।
हैरिस ने कहा, ‘‘इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने कृत्रिम बुद्धिमता से लेकर सेमीकंडक्टर तक नए क्षेत्रों में सहयोग की शुरुआत की है। जब हम भविष्य की ओर देखते हैं, तब अमेरिका और भारत, दुनिया का सबसे पुराना और सबसे बड़ा लोकतंत्र एक-दूसरे की ओर देखते तथा आपस में जुड़ते दिखते हैं।’’
अपने संबोधन के दौरान हैरिस ने अपनी मां श्यामला गोपालन का जिक्र किया जो चेन्नई से ताल्लुक रखती थीं और ब्रेस्ट कैंसर वैज्ञानिक थीं। उन्होंने भारत से अपने गहरे जुड़ाव एवं अपने नाना का भी जिक्र किया।
हैरिस ने बृहस्पतिवार को कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा के दौरान अमेरिका अंतरिक्ष, रक्षा, उभरती प्रौद्योगिकी, आपूर्ति श्रृंखला जैसे क्षेत्रों में अपने सहयोग को अगले स्तर तक ले जाएगा।
उपराष्ट्रपति हैरिस के कार्यालय ने बृहस्पतिवार को ट्वीट किया, ‘‘भारत और अमेरिका के बीच साझेदारी इतनी मजबूत पहले कभी नहीं थी। मिलकर, हमारे देश भविष्य को आकार देंगे क्योंकि हम मिलकर अधिक समृद्ध, सुरक्षित और स्वस्थ दुनिया बनाने के लिए काम कर रहे हैं।’’
इसने कहा, "अमेरिका और भारत के बीच साझेदारी 21वीं सदी की सबसे महत्वपूर्ण साझेदारी में से एक है और यह यात्रा हमारी साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाएगी - अंतरिक्ष से रक्षा तक, उभरती प्रौद्योगिकी और आपूर्ति श्रृंखला तक।’’
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY