देश की खबरें | हरदीप पुरी और मनोज सिन्हा ने जम्मू में अमरनाथ यात्री निवास की आधारशिला रखी

जम्मू, छह जून केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को 'अमरनाथ यात्री निवास' और 'आपदा प्रबंधन केंद्र' की संयुक्त रूप से आधारशिला रखी।

उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही चार-पांच और यात्री निवासों का निर्माण किया जाएगा।

उपराज्यपाल ने कहा कि 'तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम लिमिटेड' (ओएनजीसी) ने 'निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व' (सीएसआर) के तहत अमरनाथ यात्री निवास के निर्माण के लिए 51 करोड़ रुपये दिए हैं।

यहां जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक सिन्हा ने कहा, ‘‘मैं जम्मू में अमरनाथ श्राइन बोर्ड के यात्री निवास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का अभारी हूं। नए यात्री निवास से सालाना बाबा अमरनाथ तीर्थयात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।’’

नयी दिल्ली स्थित योजना तथा वास्तुकला विद्यालय द्वारा डिजाइन यात्री निवास का निर्माण कार्य अगले 18 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

सिन्हा ने कहा कि सरकार ‘‘श्रद्धालुओं की सुरक्षित और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निवास, परिवहन, चिकित्सा और बेहतर संपर्क सहित विभिन्न सुविधाओं को बढ़ा रही है।’’

उप राज्यपाल ने कहा कि सड़क संपर्क भी बेहतर किया जा रहा है और श्रद्धालुओं को आने-जाने में आसानी होगी।

उप राज्यपाल ने बताया कि रामबन जिले के चंदरकोट में एक परिसर का निर्माण पहले ही किया जा चुका है और यात्रियों के लिये सुगम और आरामदायक तीर्थ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के और परिसर बनाने की योजना है।

उन्होंने बताया कि यहां मोबाइल टावर लगाने और तीर्थयात्रियों के लिए मार्ग तैयार करने के लिए सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) लगातार प्रयासरत है।

उन्होंने कहा, ‘‘ दूरसंचार संपर्क को मजबूत करने के लिए कोशिश की जा रही है। दूरसंचार टावर, सेल ऑन व्हील्स (जिन इलाकों में नेटवर्क नहीं होता वहां अस्थायी सचल टावर लगाए जाते हैं) दूरसंचार सेवा प्रदाताओं द्वारा लगाए जा रहे हैं। सेना सोनमर्ग से पवित्र गुफा तक ऑप्टिकल फाइबर बिछा रही है।’’

सिन्हा ने कहा कि पिछले साल 3.65 लाख श्रद्धालु आए थे जो वर्ष 2015 के बाद सबसे अधिक है। उन्होंने कहा कि इस साल श्रद्धालुओं का पंजीकरण करने के लिए अतिरिक्त 120 बैंक शाखाओं को अधिकृत किया गया है जिन्हें मिलाकर अब पूरे देश में 542 शाखाएं हो गई हैं जहां श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

केंद्रीय मंत्री पुरी ने "इस महत्वपूर्ण" अवसर का हिस्सा बनने के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि यात्री निवास में 54 कमरे और 18 ‘‘डॉरमेट्री’’ बनाए जाएंगे।

आवास और शहरी मामलों के मंत्री पुरी ने बताया कि केंद्र सरकार अमरनाथ यात्रा में शामिल होने वाले तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के निर्माण की खातिर हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।

उप राज्यपाल के मुताबिक, इस परिसर में एक बार में 2,500 तीर्थयात्री रह सकेंगे और इससे हर साल 30 हजार अमरनाथ श्रद्धालुओं को लाभ होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)