देश की खबरें | महाराष्ट्र में ज्यादातर किसानों की खुदकुशी की वजह अवैध साहूकारों द्वारा उत्पीड़न: लोकायुक्त

मुंबई, 17 अप्रैल लोकायुक्त न्यायमूर्ति वी एम कनाडे ने एक अनधिकृत साहूकार के खिलाफ शिकायत पर सुनवाई करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में खुदकुशी करने वाले अधिकतर किसानों का ऐसे साहूकारों ने उत्पीड़न किया था।

न्यायमूर्ति कनाडे ने कहा कि महाराष्ट्र में अनेक अनधिकृत साहूकार हैं, जो किसानों और अन्य लोगों को कर्ज देने के बाद उनका उत्पीड़न करते हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों की आत्महत्या और इस बाबत राज्य सरकार की कार्रवाई को लेकर जांच करानी होगी।

न्यायमूर्ति कनाडे इलाके में कथित रूप से अवैध तरीके से ब्याज पर पैसा देने का कारोबार करने के मामले में सुनील पाटिल नामक व्यक्ति के खिलाफ नंदूरबार की एक नागरिक की शिकायत पर सुनवाई कर रहे थे।

फरियादी ने दावा किया कि उन्होंने और उनके पति ने साहूकार से कर्ज लिया था और ब्याज समेत चुकता कर दिया था।

हालांकि, शिकायत के मुताबिक पाटिल और पांच अन्य लोग पति-पत्नी को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और उनका उत्पीड़न कर रहे हैं।

इस मामले में अगली सुनवाई 20 जून को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)