विदेश की खबरें | राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी की पहली प्राइमरी बहस में टकराए हेली और रामास्वामी
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाशिंगटन, 24 अगस्त अमेरिका में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल भारतीय अमेरिकी दावेदार निक्की हेली और विवेक रामास्वामी के बीच रिपब्लिकन पार्टी की पहली प्राइमरी में विदेश नीति के मुद्दे पर बहस हुई।

साउथ कैरोलिना की पूर्व गवर्नर हेली ने अपने प्रतिद्वंद्वी और उद्यमी रामास्वामी पर विदेश नीति का कम अनुभव होने और रूस का समर्थन करने का आरोप लगाया।

हेली (51) और रामास्वामी (38) पिछले कुछ दिन से सोशल मीडिया पर भी विदेश नीति के मुद्दों पर भिड़े हुए हैं।

विस्कोंसिन के मिलवाउकी में बुधवार को बहस के दौरान हेली ने रामास्वामी पर अमेरिका के विरोधियों का समर्थन करने का और उसके दोस्तों का साथ नहीं देने का आरोप लगाया। इससे पहले रामास्वामी ने कहा कि वह रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन का समर्थन नहीं करेंगे।

संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत हेली ने अपने पास खड़े रामास्वामी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह एक ‘‘हत्यारे’’ रूसी राष्ट्रपति की तरफदारी कर रहे हैं और उनके राष्ट्रपति बनने पर अमेरिका असुरक्षित रहेगा।

हेली ने कहा, ‘‘वह चाहते हैं कि यूक्रेन पर रूस का कब्जा हो जाए। वह चाहते हैं कि चीन ताइवान को हड़प ले। वह इजराइल को आर्थिक मदद बंद करना चाहते हैं।’’

जब हेली अपनी बात रख रही थीं, तब रामास्वामी ‘झूठ, झूठ’ बोलकर बीच में टोकाटोकी कर रहे थे।

अमेरिकी मीडिया के अनुसार, पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2024 के राष्ट्रपति चुनाव की पहली प्राइमरी बहस में शामिल नहीं हुए हैं और उनके आठ प्रतिद्वंद्वी आपस में टकरा रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के प्राइमरी चरण के इतिहास में पहली बार एक ही प्राइमरी की बहस के मंच पर दो भारतीय-अमेरिकी एक साथ खड़े थे।

हेली ने रामास्वामी से कहा, ‘‘आप एक अमेरिका समर्थक देश के बजाय एक हत्यारे को चुन रहे हैं। आप अमेरिका को कम सुरक्षित बना देंगे। आपको विदेश नीति का कोई अनुभव नहीं है और यह दिखता है।’’

रामास्वामी ने कहा कि वह युद्धग्रस्त यूक्रेन को और अधिक सहायता दिए जाने का समर्थन नहीं करेंगे।

रामास्वामी ने कहा, ‘‘हमें उन्हीं सैन्य संसाधनों का इस्तेमाल अमेरिका में यहां हमारी दक्षिणी सीमा पर हमले को रोकने के लिए करना चाहिए। अमेरिका के लिए यूक्रेन प्राथमिकता नहीं है।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि हेली बड़े रक्षा ठेकेदारों के इशारे पर यूक्रेन का समर्थन कर रही हैं।

अगली बहस 22 सितंबर को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)