देश की खबरें | एचएएल ने हेलिकॉप्टर पुर्जों की आपूर्ति के लिए अर्जेंटीना वायु सेना के साथ अनुबंध किया

बेंगलुरु, 16 फरवरी हिन्‍दुस्‍तान एरोनॉटिक्‍स लिमिटेड (एचएएल) अर्जेंटीना की वायु सेना के दो टन श्रेणी वाले हेलीकॉप्टरों के लिए पुर्जों की आपूर्ति और इंजन की मरम्मत सेवाएं प्रदान करेगा।

अधिकारियों ने बताया कि एचएएल ने सेवाओं के विस्तार के लिए दक्षिण अमेरिकी देश की वायु सेना के साथ एक समझौता किया।

अर्जेंटीना पहले ही भारत के हल्के लड़ाकू विमान तेजस की एक खेप खरीदने में दिलचस्पी दिखा चुका है।

एचएएल के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया, “एचएएल ने दो टन श्रेणी के हेलीकाप्टरों के पुर्जों की आपूर्ति और इंजन की मरम्मत के लिए अर्जेंटीना वायु सेना (एएएफ) के साथ एक अनुबंध पर हस्ताक्षर किए।”

अनुबंध पर एएएफ के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल जेवियर इस्साक और एचएएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सी बी अनंतकृष्णन ने एयरो इंडिया 2023 के मौके पर हस्ताक्षर किए।

ब्रिगेडियर जनरल इस्साक ने कहा कि समर्थन सेवा के लिए अनुबंध भारत और अर्जेंटीना के बीच भविष्य की व्यस्तताओं तथा रक्षा सहयोग के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

अनंतकृष्णन ने कहा कि यह अनुबंध लैटिन अमेरिकी क्षेत्र में रक्षा निर्यात के लिए नई गति देने का मार्ग प्रशस्त करेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)