देश की खबरें | गुवाहाटी: रेलवे के ‘ओवरब्रिज’ के लिए पेड़ों की कटाई के खिलाफ लोगों ने मानव श्रृंखला बनाई

गुवाहाटी, नौ नवंबर असम के सबसे बड़े शहर गुवाहाटी के निवासी शहर के भारलामुख इलाके में रेल पटरी पर ‘ओवरब्रिज’ के निर्माण के लिए पेड़ों को काटने की कथित योजना के विरोध में शनिवार को सड़कों पर उतर आए।

लगभग 100 लोगों, जिनमें ज्यादातर वरिष्ठ नागरिकों सहित क्षेत्र के निवासी थे, ने पेड़ों के साथ एक मानव श्रृंखला बनाई, तख्तियां प्रदर्शित कीं और पेड़ों की कटाई के खिलाफ नारे लगाए।

कुर्सी पर बैठकर विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाली एक सत्तर वर्षीय महिला ने कहा, ‘‘ये पेड़ भारलामुख क्षेत्र की पहचान रहे हैं। हमारे बचपन में भरालु नदी का पानी भी साफ था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। अगर पेड़ भी कट गए तो इस जगह के इतिहास का कोई निशान नहीं बचेगा।’’

इस क्षेत्र में 70 वर्षों से अधिक समय से रह रहे एक वरिष्ठ नागरिक ने उनके सुर में सुर मिलाते हुए कहा, ‘‘हम पुल या विकास के खिलाफ नहीं हैं। लेकिन निश्चित रूप से यह सुनिश्चित करने के तरीके हो सकते हैं कि निर्माण के लिए इस क्षेत्र की सुंदरता और हरियाली को नष्ट न किया जाए।’’

यह विरोध प्रदर्शन नागरिक समन्वय समिति के आह्वान पर किया गया था, जिसमें भारलामुख क्षेत्र में रेलवे गेट नंबर नौ (अब बदला हुआ गेट नंबर पांच) पर एक पुल के निर्माण की परियोजना के संबंध में निर्णय लेने की प्रक्रिया से स्थानीय लोगों को कथित तौर पर बाहर रखने पर चिंता व्यक्त की गई थी।

वरिष्ठ निवासियों के साथ-साथ युवा भी मानव श्रृंखला बनाने में शामिल हुए और निर्माण और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन की अपील करते हुए तख्तियां प्रदर्शित कीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)