गुरुग्राम, 26 दिसंबर गुरुग्राम के सेक्टर 58 इलाके में एक जांच चौकी पर कार की टक्कर लगने से यातायात पुलिस का एक सिपाही घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, घटना रविवार रात बेल्जियम होटल के पास हुई। पुलिस ने कहा कि कार चालक मौके से भागने में सफल रहा। यातायात निरीक्षक हरीश कुमार द्वारा दर्ज की गई शिकायत के अनुसार, उन्होंने अपनी टीम के साथ होटल के पास एक बैरिकेड लगाया था।
शिकायत के मुताबिक, पुलिस टीम शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले लोगों की जांच कर रही थी।
कुमार ने दावा किया कि इस दौरान सिपाही गोविंद ने बैरिकेड की ओर आती एक कार को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने गति बढ़ा दी और गोविंद को टक्कर मारकर मौके से भाग गया। उन्होंने अपनी शिकायत में कहा, ''टक्कर लगने से गोविंद घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए तुरंत मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।''
कुमार ने बताया, ''अन्य पुलिसकर्मियों ने काले रंग की कार का नंबर लिख लिया, जो एक निजी कंपनी के नाम पर बादशाहपुर प्राधिकरण में पंजीकृत है।''
पुलिस ने बताया कि सोमवार को गुरुग्राम सेक्टर 65 थाने में एक अज्ञात चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस कार चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY