अहमदाबाद, चार सितंबर स्वामीनारायण संप्रदाय ने सोमवार को कहा कि वह गुजरात में बोटाद जिले के सालंगपुर शहर स्थित एक मंदिर में भगवान हनुमान की विशाल मूर्ति के आसन पर बनाए गए विवादास्पद भित्तिचित्रों को हटाएगा।
बोटाद स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में बनाए गए कुछ भित्तिचित्रों में भगवान हनुमान को सहजानंद स्वामी के भक्त के तौर पर दिखाया गया है।
कई पंथों में विभाजित स्वामीनारायण संप्रदाय सहजानंद स्वामी (1781-1830) को भगवान स्वामीनारायण के रूप में संदर्भित करता है।
मंदिर प्रबंधन ने कुछ महीने पहले, मंदिर परिसर में भगवान हनुमान की 54 फुट की मूर्ति स्थापित की थी।
इसके आसन की दीवार भित्तिचित्रों से ढकी हुई है, जिनमें से कम से कम दो भित्तिचित्रों के कारण विवाद उत्पन्न हुआ जिनमें भगवान हनुमान को सहजानंद स्वामी को प्रणाम करते हुए दिखाया गया है।
हिंदू धार्मिक नेता पिछले एक सप्ताह से इन भित्तिचित्रों को हटाने की मांग कर रहे हैं और कुछ ने शीघ्र ऐसा नहीं किए जाने पर कार्रवाई की धमकी दी है।
सूत्रों ने बताया कि सोमवार को संप्रदाय के कुछ प्रमुख नेताओं ने इस मुद्दे को सुलझाने के लिए गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात की।
विश्व हिंदू परिषद ने सोमवार शाम को शिवानंद आश्रम में एक बैठक आयोजित की, जिसमें विभिन्न हिंदू संतों और चैतन्य शंभू महाराज सहित संप्रदाय के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया।
बैठक के बाद शिवानंद आश्रम के स्वामी परमात्मानंद सरस्वती ने कहा कि विवादास्पद भित्ति चित्र मंगलवार को सूर्योदय से पहले हटा दिए जाएंगे।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अन्य सभी मुद्दों को हल करने के लिए सनातन हिंदू धर्म और स्वामीनारायण संप्रदाय के विभिन्न पंथों के संतों के बीच निकट भविष्य में एक बैठक आयोजित की जाएगी।’’
इस आश्वासन के बावजूद, कुछ हिंदू संत असंतुष्ट दिखाई दिए और उन्होंने आगे की राह पर चर्चा करने के लिए सुरेंद्रनगर के लिंबडी शहर में देश भर के संतों की मंगलवार को एक बैठक आयोजित करने का फैसला किया।
प्रमुख हिंदू धार्मिक नेता ऋषि भारती बापू ने कहा, ‘‘यह मुद्दा हिंदू संतों ने उठाया था, लेकिन हममें से किसी को भी इस बैठक के लिए आमंत्रित नहीं किया गया। भित्तिचित्र एकमात्र मुद्दा नहीं है। हम स्वामीनारायण संप्रदाय के धार्मिक ग्रंथों में हिंदू देवताओं के गलत चित्रण समेत कई अन्य बातों पर जवाब चाहते हैं।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY