अहमदाबाद, 10 मई गुजरात के अहमदाबाद शहर में बुधवार को एक औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पटाखों की दुकान में भीषण आग लग गई। इस दौरान पटाखों में विस्फोट से दमकल विभाग के दो कर्मियों को मामूली चोट आई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर आसपास के रिहायशी इलाकों से कई लोगों को निकाला गया।
अधिकारियों ने बताया कि दुकान में आग लगने के कारण बापूनगर इलाके के विकास एस्टेट क्षेत्र में घना धुआं छा गया। रुक-रुक कर पटाखों के फटने से आसपास के रिहायशी इलाकों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने बताया कि दमकल की एक दर्जन से अधिक गाड़ियों को मौके पर भेजा गया।
दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “आग पटाखों की एक दुकान में लगी और बाद में बगल के गोदामों में फैल गई। हमारी प्राथमिकता आग को विकास एस्टेट के आसपास के रिहायशी इलाकों में फैलने से रोकना है।”
उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर कई लोगों को उनके घरों से निकाला गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षित बाहर निकाले गए लोगों की सही संख्या अभी ज्ञात नहीं हो सकी है।
‘जोन-3’ के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सुशील अग्रवाल ने बताया, “दमकल की सभी गाड़ियां मौके पर हैं। पुलिस ने आसपास के इलाकों के निवासियों को बाहर निकाल लिया है और हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि लोग प्रभावित क्षेत्र के पास न आएं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।”
उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया औद्योगिक क्षेत्र में स्थित दुकान में पटाखे रखे हुए थे। उन्होंने बताया, “हम अभी यह पता लगा रहे हैं कि उनके पास पटाखे रखने का उचित लाइसेंस था या नहीं। हम जांच कर रहे हैं।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY