अहमदाबाद, 21 जून आम आदमी पार्टी (आप) की गुजरात इकाई द्वारा कथित तौर पर पार्टी-विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए निष्कासित किए जाने के एक दिन बाद आप के पूर्व उपाध्यक्ष वशराम सगाथिया बुधवार को कांग्रेस में लौट आए।
राजकोट के दलित नेता सगाथिया आप के 50 अन्य कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए। उन्हें यहां राज्य मुख्यालय में कांग्रेस में शामिल किया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में फिर से शामिल होकर वह उस पार्टी में लौट आए हैं, जो उनके ‘घर’ की तरह है। उन्होंने कहा कि आप में शामिल होने का उनका फैसला ‘गलत’ था।
तीन दशक से कांग्रेस के साथ रहे सगाथिया पिछले साल दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव से ऐन पहले आप में शामिल हो गए थे।
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने तब उन्हें अपनी गुजरात इकाई का उपाध्यक्ष नियुक्त किया था।
उन्होंने आप उम्मीदवार के रूप में पिछला विधानसभा चुनाव अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित राजकोट ग्रामीण विधानसभा सीट से लड़ा, लेकिन भाजपा उम्मीदवार भानुबेन बाबरिया से हार गए।
आप ने उन्हें मंगलवार को प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष पद और सदस्यता से यह आरोप लगाते हुए बर्खास्त कर दिया कि वह पार्टी-हितों के खिलाफ काम कर रहे हैं।
‘घर वापसी’ के बाद सगाथिया ने कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल होना उनकी गलती थी।
इस मौके पर गोहिल ने कहा कि सगाथिया जैसे लोगों का पार्टी में हमेशा स्वागत है, अगर वे पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रहें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY