नोएडा (उप्र), 19 अप्रैल ग्रेटर नोएडा में फर्जी ऐप के माध्यम से भुगतान दिखाकर एक शराब व्यापारी से दो लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि कई अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामला थाना बीटा-दो क्षेत्र में एक शराब की दुकान से जुड़ा है और बिक्री प्रबंधक रोहित कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि ठगी के बारे में पांच अप्रैल 2025 को पता चला जब कंपनी के खातों की जांच की गई। जांच में सामने आया है कि हिसाब में 2.51 लाख रुपये कम है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने कहा, ‘‘रिकॉर्ड का मिलान करने पर पता चला कि चार लोग उनकी दुकान से लगातार शराब खरीद कर रहे हैं लेकिन उनके द्वारा किया गया भुगतान रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हो रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आगे जांच करने पर पता चला कि वे एक फर्जी ऐप के माध्यम से भुगतान दिखा रहे थे।’’
कुमार ने बताया कि 16 अप्रैल को अनिरुद्ध राजपूत को पकड़ा गया जब उसने फर्जी ऐप का इस्तेमाल कर सफल भुगतान दिखाया।
उन्होंने कहा, ‘‘उससे पूछताछ करने पर पता चला कि इस धोखाधड़ी में भूपेंद्र राठौर तथा दो और लोग भी शामिल हैं।’’ थाना प्रभारी ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सं
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)











QuickLY