विदेश की खबरें | मैक्कार्थी का आभारी हूं कि प्रधानमंत्री मोदी को अमेरिकी कांग्रेस में बोलने का आमंत्रण दिया: खन्ना
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

वाशिंगटन, तीन जून भारतीय अमेरिकी सांसद रो खन्ना ने प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष केविन मैक्कार्थी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस महीने के अंत में अपनी यात्रा के दौरान अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए आमंत्रित करने के निर्णय का स्वागत किया है।

यह दूसरा अवसर होगा, जब मोदी अमेरिकी संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। उन्होंने आठ जून 2016 में अमेरिका की अपनी यात्रा के दौरान अमेरिकी कांग्रेस को संबोधित किया था।

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री विंस्टन चर्चिल (1941, 1943 और 1952) और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (1996, 2011 और 2015) ने कांग्रेस को तीन-तीन बार संबोधित किया। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला ने भी दो बार अमेरिकी संसद को संबोधित किया था।

इंडिया कॉकस के सह-अध्यक्ष खन्ना ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि स्पीकर मैक्कार्थी ने इंडिया कॉकस के सुझाव को सुना और भारत के प्रधानमंत्री को कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया।’’

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा था कि उन्होंने मोदी को 22 जून को आधिकारिक यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। इसके बाद खन्ना और इंडिया कॉकस के उनके रिपब्लिकन सह-अध्यक्ष ने मैक्कार्थी को पत्र लिखा कि वे प्रधानमंत्री को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने के लिए आमंत्रित करें।

खन्ना ने मैक्कार्थी के साथ एक बैठक की, जहां स्पीकर ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह इस पर काम कर रहे हैं।

राजीव गांधी 13 जून 1985 को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री थे। तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने 19 जुलाई 2005 को, अटल बिहारी वाजपेयी ने 14 सितंबर 2000 को, पी वी नरसिंह राव ने 18 मई 1994 को संयुक्त सत्र को संबोधित किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)