देश की खबरें | असम के राज्यपाल, प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गोगोई के निधन पर जताया शोक
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

गुवाहाटी/कोलकाता, 23 नवंबर असम के राज्यपाल जगदीश मुखी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के निधन पर सोमवार को शोक व्यक्त किया।

मुखी ने गोगोई को अपने लंबे राजनीतिक करियर में कई उतार-चढ़ाव देखने वाला दिग्गज नेता करार देते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री के रूप में उनकी बुद्धिमत्ता एवं नेतृत्व प्रेरणास्रोत रहेगा और कई लोगों का मार्गदर्शन करेगा।

यह भी पढ़े | Lockdown Again in Maharashtra? मंत्री नवाब मलिक बोले- महाराष्ट्र में लॉकडाउन की जरूरत नहीं, सभी सरकार की गाइडलाइंस का पालन करें.

राज्यपाल ने कहा कि गोगोई के निधन से वह बहुत दुखी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका निधन राज्य के साथ-साथ देश के लिए भी अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और लोकसभा सदस्य के तौर पर दिवंगत गोगोई ने करुणा और समर्पण भाव से लोगों की सेवा की।’’

यह भी पढ़े | कोरोना के महाराष्ट्र में 4153 नए केस, 30 की मौत: 23 नवंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

मुखी ने गोगोई के परिजन के प्रति संवेदना प्रकट की।

इस बीच, बनर्जी ने भी गोगोई के परिवार एवं समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘अनुभवी नेता और असम के तीन बार मुख्यमंत्री रहे तरुण गोगोई जी के निधन के समाचार से दुखी हूं। मैं उनके परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’

असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई का सोमवार को निधन हो गया। वह 84 वर्ष के थे। वह पिछले दिनों कोविड-19 से संक्रमित हुए थे और उपचार के बाद ठीक हो गए थे लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कुछ जटिलताओं के कारण उन्हें फिर से अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

वर्ष 2001 से 2016 तक असम के तीन बार मुख्यमंत्री, छह बार सांसद और दो बार केंद्रीय मंत्री रहे गोगोई ने गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में शाम पांच बजकर 34 मिनट पर अंतिम सांस ली ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)