देश की खबरें | केरल में विश्वविद्यालयों का 'भगवाकरण' करने की कोशिश कर रहे हैं राज्यपाल : आर बिंदू

तिरुवनंतपुरम, 23 मई केरल की उच्च शिक्षा मंत्री आर बिंदू ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान राज्य में विश्वविद्यालयों का 'भगवाकरण' करने की कोशिश कर रहे हैं।

उच्च शिक्षा मंत्री ने केरल उच्च न्यायालय के एक हालिया आदेश के संदर्भ में यह आरोप लगाया। राज्यपाल खान राज्य में विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति भी हैं।

हाल ही में केरल उच्च न्यायालय ने एक आदेश में राज्यपाल खान द्वारा केरल विश्वविद्यालय के सीनेट में किए गए नामांकन को रद्द कर दिया और उन्हें छह सप्ताह की अवधि के भीतर नए नामांकित व्यक्तियों का चयन करने का निर्देश दिया था।

बिंदू ने उच्च न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए दावा किया कि कुलाधिपति द्वारा नामित छात्रों का कोई उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकॉर्ड नहीं था और न ही उन छात्रों ने कला, विज्ञान, खेल या मानविकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, ‘‘उन्हें नामांकित किया गया क्योंकि वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्य थे। ’’

मंत्री ने कहा कि खान के कई हस्तक्षेपों के परिणामस्वरूप राज्य में उच्च शिक्षा प्रणाली की छवि खराब हुई है।

उन्होंने तर्क दिया कि ऐसे अदालती फैसले हैं जो साबित करते हैं कि राज्यपाल के कई हस्तक्षेप सही नहीं थे।

आर बिंदू ने राज्यपाल पर आरोप लगाया, ‘‘कुलाधिपति द्वारा विश्वविद्यालयों के भगवाकरण के बड़े स्तर पर प्रयास किये गये हैं।’’

अदालत ने खान द्वारा किए गए नामांकन को रद्द करते हुए कहा था कि वैधानिक प्रावधानों के संदर्भ में नामांकन करते समय कुलाधिपति के पास कोई असीमित शक्ति नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)