देश की खबरें | राजनयिकों और दूतावासों की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए सरकार: कांग्रेस

नयी दिल्ली, चार जुलाई कांग्रेस ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास में खालिस्तान समर्थकों द्वारा आगजनी की कोशिश किये जाने की निंदा करते हुए मंगलवार को कहा कि सरकार को अपने दूतावासों, उच्चायोगों एवं राजनयिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाना चाहिए।

पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने यह भी कहा कि ऐसी घटनाओं को अंजाम देने वालों को न्याय के जद में लाया जाना चाहिए।

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर कथित तौर पर ख़ालिस्तान समर्थकों द्वारा किए गए हमले और आग लगाने के प्रयास की भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निंदा करती है। हम गहरी चिंता के साथ इस बात को रेखांकित करते हैं कि भारतीय राजनयिक मिशनों को लगातार हमलों और धमकियों को सामना करना पड़ रहा है।’’

उनका कहना है, ‘‘सैन फ्रांसिस्को से पहले ब्रिटेन में हमला हो चुका है और कनाडा में हिंसा की धमकियां मिली हैं। इसी साल मार्च में सैन फ्रांसिस्को स्थित वाणिज्य दूतावास पर पहले भी हमला हो चुका है।’’

खेड़ा ने कहा, ‘‘मामले की गंभीरता, निरंतरता और ख़तरे की आशंका को देखते हुए हम भारत सरकार से भारतीय राजनयिक मिशन और इनमें कार्यरत लोगों की सुरक्षा के लिए उन देशों की सरकारों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाने की अपील करते हैं, जहां ऐसे हमले हो रहे हैं। साथ ही यह सुनिश्चित करने की मांग करते हैं कि इस हमले के सभी अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाया जाए।’’

सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास में खालिस्तान समर्थकों ने आगजनी की कोशिश की, जिसकी अमेरिकी सरकार ने कड़ी निंदा करते हुए इसे एक ‘आपराधिक कृत्य’ बताया।

कुछ महीनों के भीतर सैन फ्रांसिस्को में राजनयिक मिशन पर हमले की यह दूसरी घटना है।

खालिस्तान समर्थकों ने दो जुलाई 2023 का एक वीडियो ट्विटर पर साझा किया, जिसमें सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास में आगजनी की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)