देश की खबरें | छात्रों के लिए वित्तीय क्षेत्र कौशल विकास कार्यक्रम की खातिर गोवा सरकार और एनएसई ने हाथ मिलाया

पणजी, 28 फरवरी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) और गोवा सरकार ने बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं और बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र में युवाओं को कुशल बनाने के उद्देश्य से छात्र कौशल विकास कार्यक्रम शुरू करने के लिए हाथ मिलाया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यहां यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को यहां सरकार और एनएसई के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड, मेघालय, छत्तीसगढ़ और असम के बाद गोवा पांचवां राज्य है जो इस तरह के कार्यक्रम में एनएसई के साथ साझेदारी कर रहा है।

अधिकारी ने बताया कि उच्च शिक्षा निदेशालय के निदेशक भूषण के. सावरकर और एनएसई के मुख्य व्यवसाय विकास अधिकारी श्रीराम कृष्णन ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की उपस्थिति में राजकीय कला, विज्ञान एवं वाणिज्य महाविद्यालय, सैंक्वेलिम में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।

उन्होंने कहा, ‘‘छात्र कौशल कार्यक्रम दो स्तरों पर आयोजित किया जाएगा। पहले स्तर में 20 घंटे का प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसके पूरा होने पर छात्रों को बीएफएसआई में फाउंडेशन कोर्स का प्रमाण पत्र दिया जाएगा।’’

उन्होंने बताया कि इससे विद्यार्थियों को आवश्यक वित्तीय प्रबंधन कौशल प्राप्त होगा तथा व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास सुनिश्चित होगा।

अधिकारी ने बताया, ‘‘दूसरे स्तर में 30 घंटे का उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल है, जिसे छात्रों को एनआईएसएम नियामक परीक्षा के लिए तैयार करने की खातिर डिज़ाइन किया गया है। सफल उम्मीदवारों को राष्ट्रव्यापी उद्योग-मान्यता प्राप्त प्रमाणन प्राप्त होगा, जिससे पूंजी बाजार में उनकी नौकरी की संभावनाएं बढ़ेंगी।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)