देश की खबरें | कश्मीर में पर्यटन विकास के लिए व्यापक रणनीति बना रही है सरकार : रेड्डी

श्रीनगर, 22 मई केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सोमवार को कहा कि फिल्म उद्योग, पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने वाला एक शक्तिशाली माध्यम बनकर उभरा है और सरकार जम्मू-कश्मीर में पर्यटन के विकास को बढ़ावा देने के लिए व्यापक रणनीति बना रही है।

उन्होंने कहा कि पर्यटन आतिथ्य एवं सत्कार में रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद करता है।

संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री रेड्डी ने कहा, ‘‘हम पर्यटन के विकास के लिए व्यापक रणनीति बना रहे हैं। फिल्म उद्योग पर्यटन को बढ़ावा देने और किसी स्थान के प्रचार प्रसार में एक शक्तिशाली माध्यम के तौर पर उभरा है।’’

उन्होंने यहां एसकेआईसीसी में ‘आर्थिक और सांस्कृतिक संरक्षण के लिए फिल्म पर्यटन’ से इतर एक कार्यक्रम में जी-20 देशों के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। यह आयोजन यहां जी-20 देशों के तीन दिवसीय तीसरे पर्यटन कार्य समूह की बैठक का एक हिस्सा है।

मंत्री ने कहा कि श्रीनगर भारत के सबसे खूबसूरत शहरों में से एक है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं मेजबान स्थल की सुंदरता और सांस्कृतिक विरासत के बारे में बताना चाहता हूं। श्रीनगर भारत के सबसे पुराने शहरों में से एक है।’’

रेड्डी ने कहा कि भारत फिल्म निर्माताओं को फिल्मों की शूटिंग के लिए हर तरह की लोकेशन की पेशकश करता है।

उन्होंने कहा, ‘‘धूप से खिले समुद्र तटों से लेकर पहाड़ों तक।’’

रेड्डी ने कहा, ‘‘जब हम एक रोमांचक यात्रा पर निकलते हैं, तो हमें याद रखना चाहिए कि यह न केवल गंतव्य की सुंदरता दिखाने के बारे में है बल्कि इसकी संस्कृति को संरक्षित करने के लिए भी है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)