देश की खबरें | सेना में परिवर्तन की दिशा में अच्छी शुरुआत हुई : सेना प्रमुख मनोज पांडे

हैदराबाद, 17 दिसंबर सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे ने रविवार को कहा कि सेना में परिवर्तन की दिशा में एक अच्छी शुरुआत हुई है और इस ओर निरंतर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है।

उन्होंने यहां ‘मिलिट्री कॉलेज ऑफ इलेक्ट्रोनिक्स एंड मेकेनिकल इंजीनियरिंग’ के 104 वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही।

जनरल पांडे ने कहा कि सेना पिछले लगभग एक साल में बदलाव की राह पर चल पड़ी है।

उन्होंने कहा कि परिवर्तन की आवश्यकता चार प्रमुख कारकों से है, जिसमें भू-रणनीतिक परिदृश्य में अभूतपूर्व रुझान ‘‘जो आप हमारे चारों ओर देखते हैं, विघटनकारी और विशिष्ट प्रौद्योगिकियों की असीमित क्षमता, आधुनिक युद्ध के बदलते चरित्र और देश के भीतर सामाजिक-आर्थिक माहौल में गहन बदलाव शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन अनिवार्यताओं से निपटने और वांछित परिवर्तनों को प्रभावित करने के लिए, लगभग साल भर पहले एक परिवर्तनकारी रोडमैप लागू किया गया है।

इस मौके पर सेना प्रमुख ने युवा अधिकारियों को ढेर सारी जिम्मेदारियों तथा उनके सामने मौजूद व्यापक संभावनाओं की याद दिलाई।

उन्होंने उन्हें निरंतर सीखते रहने तथा शारीरिक रूप से चुस्त और मानसिक रूप से मजबूत रहने की सलाह दी।

पांडे ने उनसे अपने को उदाहरण एवं आदर्श के रूप में पेश करने की अपील की ताकि अन्य लोग एवं राष्ट्र उनका अनुकरण करें।

एक रक्षा विज्ञप्ति के मुताबिक, सेना प्रमुख ने शाही भूटान सेना और श्रीलंकाई सेना के विदेशी अधिकारियों सहित डिग्री इंजीनियरिंग (डीई) और तकनीकी प्रवेश योजना (टीईएस) पाठ्यक्रम के 33 अधिकारियों को बीटेक की डिग्री प्रदान की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)