देश की खबरें | बेंगलुरु में इसरो के यू आर राव केंद्र का स्वर्ण जयंती समारोह मनाया गया

बेंगलुरु, 16 सितंबर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु स्थित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (इसरो) के यू. आर. उपग्रह केंद्र (यूआरएससी) का इसरो के मौजूदा एवं पूर्व अध्यक्षों की उपस्थिति में स्वर्ण जयंती समारोह मनाया गया।

यूआरएससी भारत के उपग्रह निर्माण का मुख्य केंद्र है, जिसे पूर्व में इसरो के उपग्रह केंद्र (आईएसएसी) के रूप में जाना जाता था।

समारोह की शुरूआत 14 सितंबर को प्रो. यू आर राव की एक आवक्ष प्रतिमा का इसरो के पूर्व अध्यक्ष के. कस्तूरीरंगन द्वारा अनावरण किये जाने के साथ हुई। इसके बाद, इसरो के पूर्व अध्यक्ष के. राधाकृष्णन ने उपग्रह एवं संबद्ध प्रौद्योगिकी में प्रगति को दर्शाने वाली एक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता अंतरिक्ष विभाग में सचिव एवं इसरो के मौजूदा अध्यक्ष एस सोमनाथ ने की, जिन्होंने स्वर्ण जयंती स्मारक चिह्न जारी किया। कार्यक्रम में इसरो के पूर्व अध्यक्ष ए एस किरन कुमार ने इसरो पर एक पुस्तिका जारी की, जबकि संस्थान के पूर्व अध्यक्ष जी माधवन नायर डिजिटिल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।

इसरो ने एक बयान में शुक्रवार को कहा, ‘‘इसरो के पूर्व अध्यक्षों ने इस केंद्र से जुड़ी अपनी यादें साझा कीं।’’

कार्यक्रम ‘चुनौतियां एवं भविष्य की दिशाएं’ विषय पर एक पैनल चर्चा के साथ संपन्न हुआ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)