पणजी, दो सितंबर दक्षिण गोवा के मारगाव शहर में बुधवार को दो लोगों ने आभूषण की एक दुकान के मालिक की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि दुकान में लूट के प्रयास के दौरान इस घटना को अंजाम दिया गया।
वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्वपनिल वाल्के पर मोटरसाइकिल सवार दो हमलावरों ने हमला किया जो सुबह में उनकी दुकान में कथित तौर पर घुस आए थे और चाकू की नोंक पर उन्हें धमकाया था।
उन्होंने कहा कि जब वाल्के ने उनकी कोशिश को रोकना चाहा तो दोनों ने घटनास्थल से जाने से पहले कई बार उनपर चाकू से हमला कर दिया।
अधिकारी ने बताया कि वाल्के को पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर दिख रहा है जिसमें हमलावरों में से एक ने हेलमेट पहना हुआ है और वह वाल्के पर सरेआम चाकू से वार करते हुए नजर आ रहा है।
घटना से राज्य के लोग सदमे में हैं और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की है।
सावंत ने ट्वीट किया, “मारगाव में आज आभूषण की दुकान में हुई त्रासद घटना से अचंभित हूं। मैंने दक्षिण गोवा के डीजीपी और एसपी से बात की है और उनसे घटना की जांच करने तथा दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने को कहा है। हम कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे और दोषियों को कानून के हवाले करेंगे।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY