देश की खबरें | गोवा के मुख्यमंत्री सावंत ने पर्यटकों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी

पणजी, 19 दिसंबर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को कहा कि तटीय राज्य में पर्यटकों को परेशान करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और ऐसे कृत्यों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।

सावंत गोवा मुक्ति दिवस के अवसर पर यहां एक समारोह को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने एक परेड का निरीक्षण किया। उन्हें सलामी गारद भी पेश किया गया ।

पुर्तगालियों को 1961 में हराकर राज्य को आजाद कराने के लिए सशस्त्र बलों द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की स्मृति में हर साल 19 दिसंबर को गोवा मुक्ति दिवस मनाया जाता है।

तटीय राज्य में पर्यटन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सावंत ने कहा कि इस क्षेत्र के विकास के लिए टैक्सी और यात्रा आयोजकों (टूर ऑपरेटरों) जैसे हितधारकों से सहयोग की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन के संबंध में गोवा की सकारात्मक छवि बनाने की दिशा में काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हम समुद्र तट, भीतरी इलाकों, पर्यावरण पर्यटन, कल्याण और आध्यात्मिकता जैसे पर्यटन के विभिन्न पहलुओं की खोज कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटकों को परेशान करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पिछले सप्ताह की एक घटना का जिक्र किया, जिसमें मोरमुगाओ बंदरगाह पर एक क्रूज लाइनर से पहुंचे अमेरिकी पर्यटकों के एक समूह को टैक्सी संचालकों द्वारा वापस भेज दिया गया था। 100 अमेरिकी पर्यटकों का एक समूह जो गोवा में मोरमुगाओ बंदरगाह पर पहुंचा था, वह दर्शनीय स्थलों की यात्रा पर आगे नहीं बढ़ सका, क्योंकि नाराज टैक्सी संचालकों ने उन्हें निर्धारित बसों में सवार होने से रोक दिया।

बाद में, जहाज संचालकों ने सावंत से मुलाकात कर घटना पर विरोध दर्ज कराया था, जिसमें दावा किया गया था कि ऐसी घटनाओं से राज्य की पर्यटन-अनुकूल छवि को नुकसान होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)