देश की खबरें | ग्रामीणों के घेरने पर युवती ने प्रेमी के घर लगाई फांसी
जियो

महोबा (उप्र), 10 जून महोबा जिले के बघौरा गांव में प्रेमी से मिलने उसके घर गई एक युवती ने ग्रामीणों द्वारा घर घेरे जाने से कथित तौर पर क्षुब्ध होकर फांसी लगा ली।

कुलपहाड़ क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) अवध सिंह ने बुधवार को बताया कि अजनर थाना क्षेत्र के बघौरा गांव में करीब 20-21 साल की युवती और एक युवक के घर आमने-सामने हैं और दोनों के बीच पिछले दो साल से प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है।

यह भी पढ़े | पूर्वोत्तर राज्यों में कोरोना के मामले बढ़ना जारी, अब तक 7 मौतें.

उन्होंने कहा कि मंगलवार दोपहर बाद युवती, युवक के घर उससे मिलने गयी थी। लड़की का पिता गांव में उसे ढूंढ़ ही रह था कि किसी ने लड़की के पिता को युवक के घर लड़की के जाने की बात बताई। इस पर ग्रामीणों की भीड़ ने युवक के घर को चारों तरफ से घेर लिया।

सिंह ने बताया, "लड़की के पिता और ग्रामीणों ने जबरन युवक के घर के दरवाजे खुलवाकर तलाशी ली, जहां अंदर एक कमरे में युवती का शव फांसी के फंदे पर लटकता पाया।’’

यह भी पढ़े | महाराष्ट्र: लॉकडाउन के उल्लंघन पर अब तक 124369 मामले दर्ज, 846 आरोपी गिरफ्तार.

सीओ ने बताया कि लड़की की मौत से नाराज ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर बुरी तरह से मारा-पीटा, जिससे वह अधमरा हो गया। ग्रामीणों की ही सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस पर भी पथराव किया। हालांकि, इसमें कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।

उन्होंने बताया कि प्रथमदृष्टया ऐसा लग रहा है कि ग्रामीणों के घेर लेने पर बदनामी के डर से युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।

सीओ के मुताबिक अगर तहरीर मिलती है तो ग्रामीणों के खिलाफ आत्महत्या के लिए बाध्य करने का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि युवक के मां-बाप दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं और युवक यहां अकेले घर में रहकर स्नातक कक्षा की पढ़ाई कर रहा है। घटना के समय भी युवक अपने घर में अकेला था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)