देश की खबरें | गहलोत ने 1,332 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया
एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

जयपुर, 28 सितम्बर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोमवार को 1331.96 करोड़ रुपये के 68 विकास कार्यों का ऑनलाइन शिलान्यास व लोकार्पण किया।

गहलोत ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जयपुर, अजमेर व उदयपुर संभाग में स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना, आरयूआईडीपी एवं नगरीय विकास विभाग के तहत कुल 1037.96 करोड़ रुपये की 47 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 294.44 करोड़ रुपये की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण किया।

यह भी पढ़े | कोरोना वायरस के झारखंड में 1,508 नए मरीज, 9 की मौत: 28 सितंबर 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.

इस अवसर पर गहलोत ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के कारण आई चुनौतियों के बावजूद राज्य सरकार ने शहरी विकास के कार्यों की गति धीमी नहीं होने दी और अधूरे कार्यों को पूरा करने के साथ-साथ नई परियोजनाएं भी शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के तहत हो रहे कार्यों से शहरी जीवन स्तर में सुधार आएगा और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण शहरों में मूलभूत सुविधाएं विकसित होने से पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित नेता प्रतिपक्ष गुलाबचन्द कटारिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का आह्वान किया कि कोरोना की इस लड़ाई में जनता को जागरूक करने के लिए आगे आकर सहयोग करें।

यह भी पढ़े | Amit Shah Holds Review Meeting: कोविड से उबरने के बाद गृहमंत्री अमित शाह ने नॉर्थ ब्लॉक में की पहली समीक्षा बैठक.

उन्होंने कहा कि नगर-निगम, नगर-परिषद एवं अन्य स्थानीय निकाय अपनी आय के साधन विकसित करें। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए शहरों का विकास टाउन प्लानिंग के आधार पर होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने शहरी विकास प्राधिकरणों एव शहरी निकायों में सहायक नगर नियोजकों की भर्ती शीघ्र करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्वायत्त शासन विभाग रेहड़ी-पटरी वालों के लिए उचित जगह व सुविधाएं उपलब्ध कराए ताकि वे अपनी आजीविका जारी रख सकें।

मुख्यमंत्री ने राजस्थान आवासन मण्डल की योजना अपनी दुकान-अपना व्यवसाय के फोल्डर का विमोचन भी किया। इस योजना के तहत प्रदेश के 13 शहरों में व्यावसायिक भू-खण्ड अथवा निर्मित दुकान खरीदने का अवसर मिलेगा।

नगरीय विकास व स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत हो रहे जनोपयोगी कार्यों से शहरों में मूलभूत सुविधाएं विकसित होंगी और इसका लाभ आमजन को मिलेगा।

उन्होंने बताया कि जयपुर संभाग में 632.35 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का शिलान्यास जबकि 245.40 करोड़ रुपये की 12 परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है।

अजमेर संभाग में 349.01 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का शिलान्यास जबकि 43.43 करोड़ की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है।

इसी तरह, उदयपुर संभाग में 56.16 करोड़ रुपये की 11 परियोजनाओं का शिलान्यास जबकि 05.61 करोड़ की छह परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ है।

मत्री ने बताया कि राज्य में सफाई कर्मियों को सीवर लाइन में सफाई के लिए नहीं उतरना पड़े, इसके लिए विभाग द्वारा 88 करोड़ की लागत से आधुनिक उपकरण मंगवाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री परसादी लाल मीणा, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा व विधानसभा में मुख्य सचेतक डॉ महेश जोशी भी मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)