जयपुर, 18 जून केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए रविवार को आरोप लगाया कि जब सरकार के शासन के साढ़े चार साल बीत गए तब सरकार घोषणाओं के नाम पर आमजन को भ्रमित करने का काम कर रही है।
गोयल ने प्रदेश सरकार पर केन्द्र सरकार की योजनाओं पर रोड़ा अटकाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अलवर में चंबल से पानी लाने के लिए केंद्र सरकार ने 5782 करोड़ की योजना को मंजूरी दी है और आरोप लगाया कि प्रदेश की ‘भ्रष्ट’ गहलोत सरकार ने उसे भी अटका दिया।
कोटपूतली में पत्रकारों के साथ संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने पत्रकारों से केंद्र सरकार की लोक कल्याणकारी नीतियों पर संवाद किया।
केन्द्रीय मंत्री गोयल ने दावा किया, “प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने घोषणा पत्र में किए गए वादे तक पूरे नहीं कर पाई। बेरोजगारी भत्ता और किसानों की कर्जमाफी जैसे वादे सफेद झूठे निकले। प्रदेश में आज उद्योग,व्यापार चौपट हैं। विकास की गति पूरी तरह रूक चुकी है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के जब साढ़े चार साल बीत गए है तब घोषणाओं के नाम पर वे आमजन को भ्रमित करने का काम कर रही है।
पेपर लीक मामले में प्रर्वतन निदेशाक (ईडी) की कार्रवाई पर किए गए सवाल का जवाब देते हुए गोयल ने कहा कि यदि गहलोत सरकार पाक साफ है तो उसे डरने की जरूरत नहीं है, लेकिन कांग्रेस की बौखलाहट बताती है कि ‘चोर की दाढ़ी में तिनका’ है।
उन्होंने कांग्रेस की आपसी कलह पर तंज कसते हुए कि कहा साढ़े चार साल कांग्रेस अपने घर के अंदरूनी झगड़े को नहीं निपटा पाई, गहलोत खुद अपनी पार्टी के निर्णयों को नहीं मानते।
गोयल ने कहा कि प्रदेश सरकार चुनावी समय में लाभ लेने और आपसी झगड़े को छिपाने के लिए जनता में ‘मुफ्त की रेवड़ियां बांट’ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, “गहलोत सरकार मोदी सरकार की योजनाओं को अटका रही है। राजस्थान में एक बड़ी रेलवे परियोजना के लिए गहलोत सरकार ने पत्र लिखकर भू-अधिग्रहण करने से मना कर दिया। जल जीवन मिशन में घरों तक पाईपलाईन बिछाने में गहलोत सरकार भ्रष्टाचारियों का साथ दे रही है।”
उन्होंने कहा कि गहलोत सरकार के दिन अब लद चुके हैं और प्रदेश में भाजपा की पारदर्शी और सुशासन वाली सरकार बनाने को जनता एकजुट है।
गोयल ने कहा कि मोदी सरकार संवेदनशील सरकार है,जिसने नौ साल में भारत को पांचवी सबसे मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में खड़ा कर दिखाया है और बिना किसी भेदभाव और नई संभावनाओं के साथ काम किया है।
उन्होंने कहा, “ ‘पीएम आवास योजना’ के तहत चार करोड़ जरूरतमंद लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं जिसपर आठ लाख करोड़ की लागत आई है। आयुष्मान योजना से 60 करोड़ लोगों को लाभ पहुंचा है। सूदूर गांवों में बसे 3.5 करोड़ लोगों को बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि नौ साल में लंबे समय से अटकी विकास परियोजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन किया है।
गोयल ने कहा कि भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था के कारण ही आज विश्व भारत की ओर उम्मीद की नजरों से देख रहा है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)










QuickLY