राजस्थान: CM अशोक गहलोत ने सभी विधायकों से सच्चाई के साथ खड़े होने की अपील की
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान विधानसभा के सभी विधायकों को पत्र लिखकर उनसे लोकतंत्र को बचाने के लिये और प्रदेशवासियों के व्यापक हित में सच्चाई के साथ खड़े होने की अपील की है. पत्र में गहलोत ने सभी विधायकों से राज्य के विकास और समृद्धि के वादों को पूरा करने में उनका सहयोग मांगा है.
जयपुर, 9 अगस्त: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने रविवार को राजस्थान विधानसभा के सभी विधायकों को पत्र लिखकर उनसे लोकतंत्र को बचाने के लिये और प्रदेशवासियों के व्यापक हित में सच्चाई के साथ खड़े होने की अपील की है. पत्र में गहलोत ने सभी विधायकों से राज्य के विकास और समृद्धि के वादों को पूरा करने में उनका सहयोग मांगा है. उन्होंने कहा, "मेरी आप सभी से अपील है कि लोकतंत्र को बचाने, हम में जनता का विश्वास बरकरार रखने एवं गलत परम्पराओं से बचने के लिये आपको जनता की आवाज सुननी चाहिए."
उन्होंने आगे कहा, "आप चाहे किसी भी राजनीतिक पार्टी के विधायक हों, आप अपने अन्य साथियों, परिवारजनों और अपने क्षेत्र के मतदाताओं की भावनाओं को समझकर यह सुनिश्चित करने का फैसला करें कि राजस्थान प्रदेश के हितों के लिये जनता द्वारा चुनी हुई बहुमत प्राप्त सरकार मजबूती के साथ कार्य करती रहे और सरकार को अस्थिर करने के मंसूबे कामयाब नहीं हो सकें."
गहलोत ने कहा, "मुझे विश्वास है कि प्रदेशवासियों के व्यापक हित में सभी विधायक सच्चाई के साथ खड़े रहेंगे और राज्य के विकास और समृद्धि के लिये जनता से किये गये वायदों को पूरा करने में सहयोग करेंगे."
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 09, 2020 03:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

